बागियों को बना दिया पदाधिकारी, लोगों का सोशल मीडिया पर जमकर फूटा गुस्सा

दो साल बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बनाई कार्यकारिणी

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। करीब दो साल से शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर काबिज मुकेश भाटी के शनिवार रात २८ सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित करते ही बवाल हो गया। कार्यकारिणी में बागियों को भी जगह देने से लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा और उन्होंने जमकर नाराजगी जताई।
प्रदेशाध्यक्ष पद से कमलनाथ के हटने के बाद उज्जैन शहर में अध्यक्ष पद मुकेश भाटी की नियुक्ति की गई थी। एक साल की इस नियुक्ति को बाद हुई रायशुमारी में भाटी अगले तीन साल के लिए फिर से अध्यक्ष चुने गए हैं। करीब एक साल पहले दोबारा अध्यक्ष बने भाटी ने शनिवार देर रात अपनी कार्यकारिणी घोषित की। इसमें 28 लोगों को जगह दी गई है।
अजय राठौर संगठन महासचिव, रमेश सांखला कोषाध्यक्ष, राजेश राणा प्रवक्ता और जितेंद्र चौधरी सोशल मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं। अशोक सारवान, वंदना मिमरोट, धीरज यादव, धर्मेंद्र ठाकुर, अनवर बाबा उपाध्यक्ष, सोनिया ठाकुर, पवन यादव, संजय अरोरा बलवंत, इरशाद चौधरी, गजेंद्र मारोठिया, वाशिम बंटी, देवेंद्र पाटनी, अनिल देवधरे और शाहिद सिद्धिकी महासचिव बनाए गए हैं। भारत आंजना पटेल, हर्षवर्धन यादव, चेतन भाट, विकास मालवीय, भूरू गौड़, राज उदयवाल, सोनू चौधरी, मुकेश सूर्यवंशी, दीनू बड़ोदिया को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। तीन पद खाली रखे गए हैं।
बडोदिया और आंजना निर्दलीय चुनाव लड़ चुके
कार्यकारिणी में सचिव बनाए गए भारत आंजना और दीनू बड़ोदिया कांग्रेस से बगावत कर पार्षद चुनाव लड़ चुके हैं। इनकी बगावत के कारण कांग्रेस की हार हुई थी। इसी तरह भाजपा से कांग्रेस में आए संजय अरोरा को महासचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
यूं भडक़ा गुस्सा
सन्नी राठी ने फेसबुक पर लिखा जो लोग हमेशा आते हैं, उनकी कदर नहीं है और जो लोग नहीं आते हैं, उन्हें बहुत बड़ा बना दिया। परसराम जाट ने तो धमकी भरे अंदाज में लिखा वार्ड ४० में चुनाव के समय आना, फिर तुम्हें बताता हूं। राजा सुमित ठाकुर लिखते हैं कि मंच पर साथ बैठने वाला धोखा दे सकता है लेकिन मंच के सामने धूप में खड़ा रहने वाला नहीं। लोकेश झांझोट ने लिखा कि बूथ पर बैठने वाले भी नहीं मिलेंगे।
दक्षिण की अनदेखी का आरोप
कार्यकारिणी में उज्जैन उत्तर से ज्यादा लोग लिए गए हैं, दक्षिण का प्रतिनिधित्व कम होने से नाराजगी है। इसे सीएम की सीट से जोडक़र देखा जा रहा है। उपेक्षित कांग्रेसी कह रहे हैं कि सीएम के क्षेत्र में पार्टी को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है।
सभी को साथ लिया है
3 पद पर होगी नियुक्ति
भारी-भरकम कार्यकारिणी बनाने के बजाय काम करने वालों की कार्यकारिणी बनाई है। ३०० लोगों के बजाय सिर्फ ३१ लोगों की कार्यकारिणी बनेगी तो सिलेक्शन तगड़ा ही होगा। अभी उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव के १-१ पद रिक्त हैं। उज्जैन उत्तर में ज्यादा वार्ड हैं, इसलिए उत्तर से ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया गया है।-मुकेश भाटी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष









