पहले कंठाल या तेलीवाड़ा मार्ग चालू करें तभी निकास चौराहे पर काम शुरू करें…

पार्षद के साथ आए लोगों के व्यवहारिक सुझाव को अधिकारियों सुना
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण करने निकास क्षेत्र में पहुंचे अधिकारियों को रहवासियों ने कई व्यावहारिक समस्याएं बताई। शुक्रवार को संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा क्षेत्र के निरीक्षण पर निकले, तो स्थानीय नागरिकों ने पार्षद प्रतिनिधि मोहित जायसवाल के साथ उन्हें बुनियादी समस्याओं से रूबरू कराया।
लोगों का कहना है कि निकास चौराहा, निजातपुरा क्षेत्र का रोड बंद हैं। कंठाल और तेलीवाड़ा जैसे अति-व्यस्त मार्गों पर एक साथ काम चल रहा है, जिससे पूरा शहर जाम की स्थिति से जूझ रहा है। ऐसे में पहले कंठाल और तेलीबाड़ा मार्ग आवागमन के लिए शुरू करें उसके बाद ही निकास चौराहा, बियावानी व मेट्रो टॉकीज की गली क्षेत्र में काम शुरू करें। रहवासियों और व्यापारियों ने अधिकारियों को बताया कि मार्ग चौड़ीकरण के कारण सडक़ें खुदी हुई हैं, जिससे लोगों का व्यापार-व्यवसाय पूरी तरह ठप हो गया है। सडक़ों के किनारे बन रही नालियों को कवर करने का काम सबसे पहले किया जाए ताकि लोग अपनी दुकानों तक आसानी से पहुंच सकें और दुकानें शुरू कर सकें।
सडक़ों पर मलबा दिखा तो संभागायुक्त नाराज
क्षेत्र में काम के दौरान निकलने वाला मलबा सडक़ों पर जमा देख अधिकारी काफी नाराज हुए। उन्होंने निर्देश दिए कि मलबा सडक़ पर न रहने पाए, इसे तुरंत उठाया जाए। अधिकारियों ने सुबह सबसे पहले कोयला फाटक चौराहा से निजातपुरा तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इस मार्ग पर निजातपुरा की ओर करीब 500 मीटर क्षेत्र में बायीं तरफ डीएलसी (डेंस लीन कंक्रीट) का कार्य किया जा चुका है। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर अतिरिक्त लेबर (श्रमिक) लगाई जाए और एक साइड का काम पूरी तरह से समाप्त किया जाए, ताकि दूसरी साइड से वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे।
बारिश से पहले नाले-नाली निर्माण पूरा करने की डेडलाइन
कंठाल चौराहा और सतीगेट क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने पानी निकासी की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निगम आयुक्त को कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए कंठाल चौराहा तक नाली बन जाना चाहिए। सतीगेट क्षेत्र में फैले मलबे पर भी नाराजगी जताई। ढाबा रोड से श्री सत्यनारायण मंदिर तक चल रहे कार्य के दौरान कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी ने बताया कि साइट खाली होने पर करीब 50 मीटर क्षेत्र में नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग और पीएचई की पाइपलाइन बिछाने का काम प्रगति पर है। ढाबा रोड चौराहे पर एक खुली नाली का खतरनाक गड्ढा देखकर संभागायुक्त ने उसे तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सडक़ों पर जहाँ भी गड्ढे हैं, वहाँ चूरी (बारीक गिट्टी) डालकर समतलीकरण किया जाए ताकि राहगीरों को परेशानी न हो।









