हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे पाइपलाइन फूटी फिर नहीं बंटा पानी, गंदा पानी भी हुआ सप्लाई

नगर निगम आयुक्त की मेहनत पर पीएचई के इंजीनियर फेर रहे पानी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण एक बार फिर शहर प्यासा रह गया। निगमायुक्त के निर्देश के बावजूद पीएचई के इंजीनियर साइट पर खड़े नहीं हो रहे हैं। इसकी वजह से निर्माण में लगी मशीनें पाइप लाइन फोड़ रही है। सोमवार तड़के ब्रिज निर्माण में लगी पोकलेन ड्रिलिंग मशीन ने हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे गऊघाट संयंत्र से आ रही मैन पाइपलाइन तोड़ दी। जल सप्लाई के समय लाइन टूटने से अधिकतर जगह पानी नहीं बंटा, जहां पहुंचा वहां गंदा था।
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा और अपर आयुक्त पवनकुमार सिंह शहर की जल सप्लाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए रात-दिन एक कर रहे हैं। वह लगातार दौरे कर रहे हैं, टंकियों का लेवल चैक कर रहे हैं, निर्माण वाले स्थल पर सावधानी से काम करने के निर्देश दे रहे हैं। हर निर्माण साइड पर खुदाई करते समय पीएचई इंजीनियरों की मौके पर मौजूदगी तय कर चुके हैं लेकिन ग्राउंड लेवल पर इंजीनियरों की मौजूदगी दिखाई नहीं दे रही है। इसके चलते पाइप लाइन फूट रही है।
ड्रिल मशीन ने फोड़ी पाइपलाइन
सोमवार को हरिफाटक ब्रिज के नीचे नए ब्रिज के लिए खुदाई कर रही पोकलेन ड्रिलिंग मशीन ने पाइपलाइन फोड़ दी। इसकी वजह से लाखों लीटर पानी घंटों तक बहता रहा। पाइपलाइन फूटी उस समय सप्लाई चल रही थी, ऐसे में कई जगह गंदा पानी भी पहुुंचा।
यहां आई समस्या
1. फ्रीगंज के वार्ड 47 में गंदा पानी आया। मटमैला पानी पीने लायक नहीं था।
2. नीलगंगा, चकोर पार्क, जयसिंहपुरा, हरसिद्धि पाल, कहारवाडी, गुदरी चौराहा, डाबरी पीठा, गोपाल मंदिर क्षेत्र में सप्लाई पूरी तरह ठप रही।
3. निगम के जलकार्य समिति प्रभारी प्रकाश शर्मा के मुताबिक सुदामा नगर, देवासगेट और क्षीरसागर क्षेत्र में भी सप्लाई नहीं होने की शिकायत आई।
ड्राइंग देने के बावजूद ध्यान नहीं: नगर निगम के पीएचई विभाग ने निर्माण एजेंसियों को पाइप और सीवरेज लाइन के ड्राइंग तक मुहैया करा दी है। बावजूद इसके निर्माण एजेंसियां ध्यान नहीं रख रही है। हरिफाटक ब्रिज के पास भी काम करते समय यदि ड्राइंग देख ली जाती तो पोकलेन चलाते समय सावधानी रखी जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसकी वजह से पाइपलाइन फूट गई।
समन्वय नहीं, आखिर देखकर काम क्यों नहीं करते: निर्माण एजेंसी समन्वय से काम नहीं कर रही हैं। ड्राइंग तक दी जा चुकी है, सब इंजीनियरों की साइट पर ड्यूटी तक लगाई है, बावजूद इसके पाइप लाइनें फूट रही हैं।
प्रकाश शर्मा, प्रभारी
जलकार्य समिति
हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे पाइपलाइन फूटने से जल सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर रहे हैं, पेनल्टी भी लगा रहे हैं। चूंकि मेन लाइन डैमेज हुई है, ऐसे में सप्लाई प्रभावित हुई है।
पवनकुमार सिंह, अपर आयुक्त, नगर निगम









