नागझिरी से पनीर लाकर फ्रीगंज की प्रसिद्ध डेयरी के नाम पर दे रहा था बिल

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पकड़ी धांधली, सैंपलिंग की
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाकाल मंदिर क्षेत्र में पनीर सप्लाई से जुड़े एक सनसनीखेज फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा है, जो एक डेयरी से पनीर खरीदकर होटलों पर सप्लाई कर रहा था। वह होटलों को एक प्रतिष्ठित डेयरी का फर्जी बिल दे रहा था। अधिकारियों ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
दरअसल, अतुल बढ़वार नामक युवक रोज की तरह महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित चौबीस खंभा माता मंदिर के पीछे संचालित सतयुग इन होटल में पनीर की सप्लाई करने पहुंचा था। खाद्य विभाग को उसके बारे में गोपनीय शिकायत मिली थी। जैसे ही अतुल ने पनीर की सप्लाई दी, मौके पर मौजूद अधिकारियों की टीम ने युवक को रोक लिया। उससे पूछताछ की तो वह संतुष्टिपूर्ण उत्तर नहीं दे सका।
इस तरह चल रहा था फर्जी बिलों का खेल
फूड इंस्पेक्टर बसंत शर्मा और बीएस देवलिया ने जब पूछताछ को तो पता चला कि अतुल नागझिरी स्थित यशोदा डेयरी से कम दामों में पनीर खरीदकर लाता था, लेकिन ब्रांडेड और भरोसेमंद दिखाने के लिए होटल संचालकों को फ्रीगंज स्थित मधुर डेयरी के नाम का फर्जी बिल थमा देता था। इस तरह वह लंबे समय से होटल संचालकों को गुमराह कर छोटी डेयरियों का पनीर खपा रहा था।
लाइसेंस और पुराने दस्तावेज मांगे, पुलिस करेगी केस दर्ज
जांच के दौरान टीम ने युवक के कब्जे से पूरा पनीर जब्त कर लिया है और शुद्धता की जांच के लिए उसके सैंपल्स राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों ने युवक से खाद्य लाइसेंस और पुराने बिलों के दस्तावेज भी तलब किए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलों के उपयोग की पुष्टि हुई है। यह सीधे तौर पर धोखाधड़ी और खाद्य मानकों के उल्लंघन का मामला है। इस संबंध में दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है और आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए महाकाल थाना पुलिस को भी लिखित सूचना भेजी जा रही है।









