आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में सीएम ने बच्चें को दुलारा

सीएम का उज्जैन दौरा
बच्चें को हर तरह की सुविधाएं देने पर सीएम ने दिया जोर
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सदावल की आदर्श आंगनवाड़ी के बच्चे बुधवार को सीएम डॉ. मोहन यादव को अपने बीच पाकर खुश हो गए। सीएम ने बच्चों को गोद में उठाया, दुलार किया और उन्हें हर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
करीब ढाई घंटे के प्रवास पर शहर आए सीएम डॉ. यादव ने कहा कि सदावल का आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पाठशाला है। सरकार छोटे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। पक्के भवन, फर्नीचर, खिलौने, पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा सब कुछ एक ही छत के नीचे मिलेगा। डॉ. यादव ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से संवाद भी किया। सदावल स्वेज फार्म के पास स्थित सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
बच्चों से ली आंगनवाड़ी की गतिविधियों की जानकारी
पोषण प्रदर्शनी देखी
महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण आहार सप्ताह के तहत पोषण प्रदर्शनी भी लगाई थी। सीएम ने इसका अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर फूड जोन, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष, मेडिसिन कक्ष का मुआयना भी सीएम ने किया।
आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में पौधा रोपा
आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आम, पीपल, बरगद, नीम, सुरजना, और जामफल के पौधों का रोपण किया। डॉ. यादव ने सभी से एक पौधा लगाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने हितलाभ बांटा
सीएम ने लाडली लक्ष्मी योजना हितग्राहियों को आश्वासन प्रमाण-पत्र एवं मातृ-वंदना योजना की पात्र महिलाओं को हितलाभ वितरित किए। लाड़ली-लक्ष्मी योजना की हितग्राही बालिकाओं को दुलार कर शुभकामनाएं दी। पदोन्नति हासिल करने वाले महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सीएम का अभिनंदन किया। स्वागत भाषण अनिल जैन कालूहेड़ा ने दिया।
महापौर मुकेश टटवाल प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल इस मौके पर खास तौर पर उपस्थित थे।
डीजीपी के पैतृक निवास पर शोक जताने पहुंचे
सीएम डीजीपी कैलाश मकवाणा की मां गंगादेवी के निधन पर शोक जताने भी गए। राजस्व कॉलोनी स्थित निवास पर उन्होंने मकवाणा परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और अपनी संवेदना जताई। करीब 10 मिनट यहां रुकने के बाद सीएम इंदौर रवाना हो गए।
पोषण प्रदर्शनी देखी
महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण आहार सप्ताह के तहत पोषण प्रदर्शनी भी लगाई थी। सीएम ने इसका अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर फूड जोन, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष, मेडिसिन कक्ष का मुआयना भी सीएम ने किया।
बच्चें को झूला झुलाया
आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में झूले लगाए गए हैं। यहां झूल रहे बच्चों से सीएम ने झूला झूलाते हुए संवाद किया। बच्चों ने नमस्ते सर से सीएम का अभिवादन किया। गुलाब का फूल भेंट कर उनका स्वागत किया। छोटे-छोटे बच्चों को दुलार करते हुए उनको लड्डू पैकेट, चना और मूंगफली के पैकेट वितरित किए।









