सफल सिंहस्थ के लिए उज्जैन पुलिस तैयार कर रही सारथी

पहले चरण में 1800 को करेंगे दीक्षित, 20 हजार तैयार करने का लक्ष्य, उज्जैन के 5 हजार रहेंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में पुलिस की मदद उनके सारथी करेंगे। यह सारथी ट्रैफिक संचालन, कानून-व्यवस्था जैसे कामों में पुलिस की सहायता करेंगे। 20 हजार वॉलिंटियर्स में से 5 हजार उज्जैन से होंगे। पहले दौर में 1800 को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
दरअसल, उज्जैन पुलिस ने सिंहस्थ व्यवस्था के लिए एक मजबूत प्लान तैयार किया है। इसके तहत सुरक्षा व्यवस्था पर तो फोकस रहेगा ही, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में वॉलिंटियर्स तैयार किए जा रहे हैं।
क्या करेंगे
उज्जैन पुलिस ने 20 हजार वॉलिंटियर्स तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इसमें से ५ हजार उज्जैन से होंगे। इनको सिंहस्थ सारथी नाम दिया गया है। यह श्रद्धालुओं को गाइड करने, भीड़ प्रबंधन, सूचना सहायता, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन सहयोग और पुलिस-प्रशासन से समन्वय करने की भूमिका निभाएंगे।
पुलिस सामुदायिक केंद्र में प्रशिक्षण की शुरुआत एएसपी आलोक शर्मा ने की और समापन सत्र में एसपी प्रदीप शर्मा शामिल हुए।
सिंहस्थ सारथियों को यह समझाया
सिंहस्थ सारथियों को सीएपी, प्राथमिक उपचार, घायल एवं अस्वस्थ व्यक्ति की मदद करने का तरीका बताया गया।
यातायात व्यवस्था, कम्युनिकेशन, टीम कॉर्डिनेशन, की समझाइश भी दी गई।
सिंहस्थ सारथियों को हर परिस्थिति में कूल रहने पर जोर दिया गया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने सारथियों का उत्साह बढ़ाया और उम्मीद जताई कि वे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक सिंहस्थ का अहसास दिलाने में सहायता करेंगे। अंत में सारथियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
एएसपी आलोक शर्मा ने बताया कि पहले चरण में 1800 लोगों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। 20 हजार वॉलिंटियर्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 5 हजार उज्जैन से होंगे।









