गुरु पूर्णिमा : मातृ-पितृ चरण पूजन एवं वंदन करेंगे

सांदीपनि आश्रम में होगा विद्यारंभ संस्कार मंदिरों में पूजन आरती और गुरु पूजन होगा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गुरु पूर्णिमा महोत्सव बुधवार को शहर में मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर, धर्मस्थल, स्कूलों में तो कार्यक्रम होंगे ही लेकिन कोयला फाटक रोड स्थित मनोरमा गार्डन में एक अनूठा आयोजन होगा। इसमें माता-पिता का चरण पूजन किया जाएगा।
सामाजिक संस्था तेरा तुझको अर्पण सेवा संस्थान के बैनर तले यह आयोजन होगा। आयोजन का मकसद परिवार रूपी संस्था के महत्व को स्थापित करना है। दुनिया में बच्चे की पहली शिक्षक या गुरु उसकी मां होती हैं। वही बच्चे को बोलने से लेकर तहजीब तक सिखाती हैं। पिता भी कम नहीं होते। मां को अगर तीर्थ माना गया है तो पिता का सर्वदेव माना जाता है। ऐसे में माता-पिता को ही पहला गुरु मानते हुए यह आयोजन किया जा रहा है। संस्था के सूत्रधार धनंजय शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में पांच हजार से ज्यादा अभिभावकों के उपस्थित रहने का अनुमान है। सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। कार्यक्रम के उपरांत सहभोज भी होगा।
इधर ब्राह्मण समाज, त्रिशूल शिवगण वाहिनी गुरु पूजन यात्रा निकालेगी। यात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे सांदीपनि आश्रम से होगी। गुरु सांदीपनि के वंशज पुजारी राहुल व्यास के आचार्यत्व में यात्रा में सभी प्रमुख अखाड़ों के संत-महामंडलेश्वर , आचार्य और संतों का गुरुपूजन किया जाएगा। यात्रा, गंगाघाट, मंगलनाथ, सिद्धवट, बगलामुखी धाम, श्रीकृष्ण मित्रवृंदा धाम , वाल्मीकि धाम, रामानुजकोट, चारणाम मंदिर, दादूराम आश्रम, उपनिषद आश्रम, तिरुपतिधाम, करपात्री कल्याण आश्रम, बांके बिहारी आश्रम, साकेत आश्रम, ददूवा आश्रम और संत-महंतों के आश्रम तक जाएगी । यहां संतों का अभिनंदन किया जाएगा।
सांदीपनि आश्रम : पाटी पूजन और विश्व शांति के लिए हवन
महर्षि सांदीपनि मंगलनाथ रोड स्थित भगवान श्री कृष्ण की शिक्षास्थली पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आश्रम में प्रात:काल गुरुदेव का पंचनदियों के जल एवं पंचामृत से अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। विश्व शांति और जनकल्याण की कामना से वैदिक हवन का आयोजन होगा। आश्रम के पं. राहुल व्यास ने बताया विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ संस्कार एवं पाटी पूजन पूरे दिन कराया जाएगा। श्रद्धालु दिनभर गुरुदेव और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।
श्री योगी मत्स्येंद्रनाथ समाधि रुद्राभिषेक और विशाल भंडारा
गढ़कालिका रोड स्थित श्री योगी मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। समाधि स्थल पर भगवा राज युवा परिषद एवं पं. आकाश चौबे मित्र मंडल द्वारा रुद्राभिषेक, महाआरती, छप्पन भोग अर्पण, भंडारा तथा संध्या बेला में भक्ति संगीत और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
श्री बांके बिहारी मंदिर दिनभर चलेगा गुरुपूजन
गुरु पूर्णिमा त्सव मंगलनाथ रोड अंकपात स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में 29 जुलाई को मनेगा। सुबह मंगल आरती होगी और भगवान का आकर्षक श्रृंगार होगा। सुबह 8 बजे से धर्माचार्य पं. हरिनारायण शास्त्री का शिष्यों को मार्गदर्शन देंगे और दिनभर गुरुपूजन चलेगा। इस मौके पर मप्र के विभिन्न क्षेत्रों सहित राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात के शिष्यगण भी शामिल होंगे। दिनभर प्रसादी वितरण होगा। शाम को भजन-कीर्तन होंगे।
भैरवगढ़ जेल : बंदियों से होगा संवाद
भैरवगढ़ केंद्रीय जेल में 29 जुलाई को प्रात: 11 से 12 बजे तक गुरु पूर्णिमा उत्सव मार्गदर्शक दिवस रूप में मनेगा। जहां अज्ञानता, वहां गुरु का ज्ञान.. के संदेश के साथ आध्यात्मिक चिंतक कृष्णा गुरुजी बंदीजनों से आत्ममंथन के लिए सीधा संवाद करेंगे। जिसमें बंदियों को आत्मचिंतन और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा दी जाएगी। कार्यक्रम में गुरु वंदना, भजन, ध्यान और गुरु मंत्र का सामूहिक जाप होगा। साथ ही बंदियों को बाबा महाकाल से अभिमंत्रित रुद्राक्ष माला भेंट की जाएगी तथा जेल परिसर की गौशाला में गो-सेवा और गो-ग्रास का आयोजन भी किया जाएगा। समूह गुरु वंदना, भजन, ध्यान और गुरु मंत्र का जाप होगा।
ओशो महाकाल धाम : नो माइंड थेरेपी ध्यान शिविर
ग्राम मीडिया (इंदौर रोड) स्थित ओशो महाकाल धाम आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर सात दिवसीय ध्यान महोत्सव एवं शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 28 जुलाई की शाम 6 बजे से 4 अगस्त की दोपहर 1 बजे तक चलेगा। गाडरवाड़ा से विशेष रूप से पधार रहीं मां राधा एवं स्वामी बोधी निजेन (गिरिराज दुबे) द्वारा नो माइंड थेरेपी और भक्तिमय संध्या कीर्तन का संचालन किया जाएगा। आयोजन में स्वामी योगेंद्र भारती (पूर्व राज्य मंत्री, म.प्र. शासन), स्वामी बोधी सागर (हिमांशु), मां वर्षा एवं स्वामी हर्षद नागर का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा। देशभर से आने वाले साधक इसमें भाग लेकर ध्यान और आध्यात्मिक साधना का लाभ उठाएंगे।









