इंदौर, देवास रोड पर कावडिय़ों के लिए लगे लंगर और स्टाल

कावड़ यात्रा : श्री महाकालेश्वर का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में आ रहे कावडिय़े, जगह-जगह अभिनंदन
प्रसादी लेकर विश्राम करने के बाद आगे रवाना हो रहे हैं कावडि़ए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सावन के महीने में दूरदराज से कावड़ लेकर भूतभावन महाकाल के दर्शन करने आ रहे कावडिय़ों की मान-मनुहार चल रही है। इंदौर, देवास और प्रमुख रोड पर लंगर चल रहे हैं। इसमें कावडिय़ों से भोजन प्रसादी ग्रहण करने की अपील की जा रही है।
सावन के दूसरा सोमवार के एक दिन पहले ही रविवार को जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कावडिय़े उज्जैन पहुंचने लगे हैं। सबसे ज्यादा कावडिय़े इंदौर रोड से आ रहे हैं, यह ओंकारेश्वर और महेश्वर से नर्मदा का जल लेकर उज्जैन पहुंच रहे हैं। मां नर्मदा के अलावा शिप्रा, चंबल, माही, गंभीर और अन्य क्षेत्रीय नदियों से भी कावड़ लेकर इंदौर, देवास, नागदा, खाचरौद, मंदसौर, रतलाम, झालावाड़, झालरापाटन से कावडि़ए आ रहे हैं।
इनमें एमपी के कावडिय़ों की संख्या काफी है, हालांकि राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र से भी कावडिय़ों के आने की जानकारी है। उज्जैन आने वाले कावडिय़ों के लिए महाकाल मंदिर समिति और स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं ने विशेष व्यवस्था की है। इंदौर रोड, देवास रोड पर मंदिर समिति और प्रशासन अन्न क्षेत्र चला रहा है जहां दोनों समय भोजन और सोमवार को फलाहारी प्रसादी मिलती है। स्वयंसेवी संगठनों ने भी उज्जैन पहुंचने वाले मार्गों पर लंगर और विश्राम शिविर लगाए हैं।
महाकाल मंदिर समिति के लंगर में रविवार की दोपहर बड़ी संख्या में कावडिय़ों ने विश्राम किया और सब्जी पूड़ी की प्रसादी ग्रहण की। इस लंगर के आसपास भी एक दर्जन से अधिक स्टॉल और अन्य लंगर भल चल रहे थे जहां स्वयंसेवक मनुहार कर कावडिय़ों को प्रसादी बांट रहे थे।
तरह-तरह की कावड़, इस बार महिलाएं भी
जलाभिषेक के लिए पुरुष और युवाओं ही कावड़ लेकर यूं तो निकलते रहे हैं, लेकिन इस साल महिलाएं और युवतियां भी कावड़ लेकर आईं हैं और जलाभिषेक कर रही हैं। खंडवा से आए संदीप मालाकार ने बताया वे बुधवार को ओंकारेश्वर से रवाना हुए थे। सुंदर सी कावड़ लेकर चल रहे इंदौर निवासी अभिषेक ने बताया उन्होंने घर पर ही यह कावड़ सजाई है। शनिवार को इंदौर से रवाना हुए थे।
धाराजी से उज्जैन पहुंचेगा 1500 कावडिय़ों का दल
धाराजी से 1500 कावडिय़ों का जत्था भी कावड़ लेकर निकला है। यात्रा के संयोजक गिरधर गुप्ता और पंडित दीपक शास्त्री हैं। उज्जैन आ रही यात्रा का जोरदार अभिनंदन किया जा रहा है। पुष्पवर्षा के कारण सड़कें फूलों से पट गईं । मां नर्मदा की आरती के बाद यात्रा उज्जैन के लिए रवाना हुई थी। जगह-जगह कावड़ यात्रियों के भोजन और नाश्ते का प्रबंध किया गया। यह यात्रा सोमवार दोपहर तक उज्जैन पहुंचेगी। टावर चौक पर पूर्व निगम अध्यक्ष प्रकाश चित्तौड़ा के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया जाएगा।









