बहन के घर से लौट रहे परिवार को बोलेरो ने रौंदा, 3 की मौत

सड़क पर आधा घंटा तड़पती रही 12 साल की बच्ची, 3 लाशों के पास गाड़ी छोड़ भागा हत्यारा ड्राइवर
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। बहन की कलाई और चेहरे पर मुस्कान सजाने गया एक मजदूर भाई यह नहीं जानता था कि हाइवे का यह सफर उसकी और उसके परिवार की अंतिम यात्रा साबित होगा। मागोद-अमझेरा-मनावर हाइवे पर रविवार दोपहर बेलगाम रफ्तार ने ऐसा खूनी खेल खेला कि देखने वालों की रूह कांप उठी। तेज गति से दौड़ती बोलेरो ने एक बाइक को सामने से इतनी भयानक टक्कर मारी कि बाइक सवार हवा में कई फीट उछलकर सीधे डामर की सड़क पर गिरे। सिर और धड़ पर हुए जानलेवा आघात के कारण 32 वर्षीय अंतर सिंह, उनकी गोद में बैठे 4 साल के मासूम बेटे अशोक और काका ससुर भूरा सिंह ने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया।
केशवी गांव के रहने वाले अंतर सिंह बेहद गरीब परिवार से थे और मजदूरी कर परिवार पालते थे। मालवा-निमाड़ की लोक परंपरा ‘वीरपोष’ (बहन को त्योहार की सामग्री देने का पर्व) निभाने के लिए वे अपनी बहन के घर दागडिय़ा पहुंचे थे। वहां से बेटी रेशम, बेटे अशोक और मेहमान बनकर आए काका ससुर भूरा सिंह को बाइक पर बिठाकर हंसते-खिलखिलाते अपने गांव केशवी के लिए रवाना हुए थे। मनावर मार्ग पर पहुंचते ही सामने से आंधी की रफ्तार से आई अनियंत्रित बोलेरो ने सीधे बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान सहम कर हाइवे की तरफ दौड़े।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीनों शव करीब आधे घंटे तक खून से सनी सड़क पर लावारिस पड़े रहे और यातायात थम गया। 12 साल की बच्ची रेशम गंभीर चोटों के चलते अचेत होकर वहीं गिर पड़ी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने गंभीर रूप से घायल रेशम को पहले गंधवानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल धार जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बच्ची इस समय आईसीयू में बेहोश है और डॉक्टर उसकी सांसें बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
फरार ड्राइवर की घेराबंदी में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद बोलेरो का ड्राइवर मौके पर ही गाड़ी छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया। जीराबाद चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बोलेरो जब्त कर नंबर के आधार पर मालिक और फरार ड्राइवर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित लापरवाही से वाहन चलाने की सख्त धाराओं में केस ठोक दिया है। उधर, एक ही झटके में परिवार के तीन चिराग बुझने से गांव में चूल्हे तक नहीं जले… घर पर बची बुजुर्ग मां और अंतर सिंह की पत्नी के आंसुओं ने हर किसी का कलेजा चीर दिया।








