शिक्षक दिवस पर नगर निगम करेगा 59 उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

5 को मोती नगर स्थित बाबा साहब नातू सामुदायिक भवन में होगा सम्मान समारोह
उज्जैन। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन (शिक्षक दिवस ) पर नगर निगम शहर के 59 शिक्षकों का सम्मान करेगा। 54 पार्षद अपने वार्ड में स्थित सरकारी स्कूल के एक-एक शिक्षक का नाम देंगे। पांच शिक्षक वे होंगे, जिन्होंने 10 वीं-12 वीं में बेहतर परीक्षा परिणाम दिया है। कार्यक्रम मोती नगर स्थित बाबा साहब नातू सामुदायिक भवन में होगा। पार्षद शिवेंद्र तिवारी के पत्र के बाद ताबड़तोड़ शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सामान्य प्रशासन समिति की बैठक बुलाई गई। इसमें शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों पर चर्चा की गई।
54 वार्डों से एक-एक शिक्षक होंगे सम्मानित: मोती नगर स्थित बाबा साहब नातू सामुदायिक भवन में होने वाले समारोह में पार्षदों को शिक्षक के बारे में यह जानकारी देनी होगी। संबंधित शिक्षक का नाम, परिचय एवं उपलब्धि।
इसी तरह 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले पांच शिक्षकों की जानकारी डीईओ से ली जाएगी। अब सवाल यह उठता है कि तीन दिन बाद कार्यक्रम है और सूची अब मंगाई जा रही है। समिति ने आयोजन की तैयारी सिर्फ चार दिन पहले ही क्यों शुरू की? क्या तय समय में शिक्षकों की सूची आ जाएगी? ताबड़तोड़ बनने वाली सूची में चुने गए शिक्षक क्या मापदंड का पालन करने वाले होंगे?









