सिंहस्थ: दाउदखेड़ी में टू-लेन सड़क का अलाइनमेंट बदलने से बखेड़ा, ग्रामीण नाराज, विरोध में उतरे

सरपंच प्रतिनिधि ने जताई आपत्ति, पीडब्ल्यूडी अफसर बोलने को तैयार नहीं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ के लिए दाउदखेड़ी से प्रस्तावित टू-लेन सड़क के अलाइनमेंट बदलने से शनिवार को हंगामा हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले रोड सरकारी जमीन से गुजर रहा था, अब अचानक अलाइनमेंट बदलने से निजी जमीन टू-लेन के दायरे में आ रही है। इस संबंध में सरपंच प्रतिनिधि ने भी आपत्ति जताई है।
दरअसल, सिंहस्थ के लिए इस टू-लेन सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग कर रहा है। यह सड़क दाउदखेड़ी से होकर गुजरेगी। ग्रामीण नरेंद्रसिंह, सीमाबाई और सरदार सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए सड़क का अलाइनमेंट बदला जा रहा है। इनका कहना है कि जब पहले सड़क सरकारी भूमि से गुजर रही थी तो उसे अब बदलने की जरूरत क्यों पड़ रही है? सड़क का नया मार्ग किस आधार पर तय किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी समस्या का स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं हुआ तो वे सीएम के सामने सारा मामला रखेंगे। हमारा विकास कार्य से विरोध नहीं है लेकिन विकास के नाम पर अगर हमारे मकान और खेत प्रभावित होते हैं तो हमारी आवाज भी सुनी जानी चाहिए।
मुझे टू-लेन सड़क के अलाइनमेंट में होने वाले बदलाव की जानकारी नहीं है। ग्रामीणों ने जरूर यह बताया है कि नपती में उनके मकान पर निशान लगाए गए हैं।
सरदार परमार
पटवारी, दाउदखेड़ी
टू-लेन सड़क निर्माण में जगह बदलने का मसला सामने आया है। ग्रामीणों ने इसे लेकर विरोध जताया है। संबंधितों का पक्ष रखेंगे।
उदयसिंह दरबार
सरपंच प्रतिनिधि
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ प्रफुल्ल जैन से चर्चा की कई कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई।









