इंदौर में स्वाइन फ्लू से शाजापुर निवासी महिला की मौत, 1 माह में दूसरा मामला

महिला को दस दिन पहले किया था एडमिट
इंदौर। इंदौर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) पॉजिटिव महिला की इंदौर में मौत हो गई। महिला शाजापुर की है जो करीब 10 दिन पहले से एडमिट थी। इलाज के दौरान उसने गुरुवार को दम तोड़ दिया। वह एक सरकारी डॉक्टर की पत्नी थी। नजदीकी लोगों के मुताबिक महिला में 28 अगस्त से बुखार, खांसी और सर्दी के लक्षण शुरू हुए थे।
महिला की एच1एन1 जांच 1 सितंबर को पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें इंदौर में इलाज के लिए एडमिट कराया गया। वहीं, 2 सितंबर की रिपोर्ट में इन्फ्लुएंजा के साथ कोविड-19 भी पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी गई है। महिला शाजापुर के आदित्य नगर की रहने वाली बताई गई हैं। मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई है।
इसके पूर्व उज्जैन के ऋषि नगर निवासी 60 वर्षीय सरोज नागर की करीब दो हफ्ते पहले इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी। तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें इंदौर लाया गया था, जहां 16 दिन तक इलाज चला। जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसे मध्य प्रदेश में इस सीजन में स्वाइन फ्लू से पहली मौत बताया गया था।









