खेड़ापति ग्रिड पर काम करते वक्त आउटसोर्स कर्मचारी झुलसा

साथी कर्मचारियों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खेड़ापति ग्रिड पर काम करते हुए बिजली कंपनी का आउटसोर्स कर्मचारी करंट से झुलस गया। साथी कर्मचारियों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना में आउटसोर्स कर्मचारी अभिषेक पिता राहुल चौहान के दाहिने हाथ की चमड़ी जल गई है। 10 फीट ऊपर पोल से गिरने के कारण उसके सिर में भी चोट लगी है। जानकारी के अनुसार जंपर सेट करने के लिए दोपहर करीब 2:30 बजे आउटसोर्स कर्मचारी अभिषेक पोल पर चढ़ा था। अभिषेक ने बताया लाइन बंद करने के लिए परिमट लिया था और सुरक्षा के लिए अर्थिंग रॉड भी लगी थी। कब कैसे करंट लगा और क्या हुआ याद नहीं आ रहा है। आंख खुली तो खुद को अस्पताल में पाया।
जांच के आदेश दिए
घटना के लेकर कई प्रश्न खड़े हो गए हैं जिनके जवाब नहीं मिले हैं। जानकारी के अनुसार अभिषेक पोल पर चढ़कर जंपर का काम कर रहा था। और बिजली सप्लाय बंद करने के लिए लाइन परमिट भी जारी हुआ था। जब परमिट जारी हुआ तो सप्लाय किसने चालू की, बंद लाइन में करंट कैसे आ गया। दूसरा प्रश्न है कि नियम के अनुसार पोल पर चढ़कर काम लाइनमैन को करना होता है। पोल पर काम करते हुए आउटसोर्स कर्मचारी कैसे घायल हुआ इन प्रश्नों का जवाब बिजली कंपनी के अधिकारियों के पास नहीं है। कार्यपालन यंत्री सतीश कुमरावत ने जांच के आदेश दिए हैं।
पत्नी गर्भवती है और चार साल का एक बेटा है: अभिषेक ने बताया वह पंवासा का निवासी है और तीन साल से बिजली कंपनी में आउट सोर्स कर्मचारी के रूप में काम कर रहा है। पिताजी नगर निगम में वाहन चालक से जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। शादीशुदा अभिषेक माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसका चार साल का एक बेटा है तथा पत्नी गर्भवती है। परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य है।
मौके पर 6 कर्मचारी और उपस्थित थे: जानकारी के अनुसार ग्रिड मेंटेनेंस का काम इंदौर की आउटसोर्स कंपनी क्वेश कर रही है। घटना के दिन बिजली कंपनी के इंजीनियर वीरेंद्र रावत के निर्देशन में लाइनमैन महेंद्र चौहान और श्रीराम पटेल के साथ आउटसोर्स के करीब 5 कर्मचारी ग्रिड पर काम कर रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे पोल पर काम कर रहा अभिषेक करंट लगने से गिरा तो साथी कर्मचारी तुरंत उसे निजी अस्पताल ले गए। कर्मचारियों ने बताया आउटसोर्स कंपनी ने इलाज का खर्च उठाने का वादा किया है।









