Advertisement

3 से 5 फीट तक जाएंगे मकान-दुकान, दिवाली तक का समय मांगा

चौड़ीकरण: मिर्जा नईम बेग मार्ग के रहवासी सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल से मिले

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जेसीबी और पोकलेन का रुख अब टंकी चौराहा से तेलीवाड़ा की तरफ होने वाला है। नगरनिगम मिर्जा नईमबेग मार्ग को 18 मीटर चौड़ा करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि इस मार्ग के रहवासी चौड़ीकरण के पक्ष में तो हैं, पर वह दिवाली तक का टाइम चाहते हैं। इस संबंध में उन्होंने सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष से मुलाकात की और समय मांगा।

दरअसल, यह सड़क राजसी सवारी मार्ग में आती है। सवारी मार्ग के तहत ढाबा रोड से टंकी चौराहा तक चौड़ीकरण हो चुका है। अब निगम प्रशासन इससे आगे का काम शुरू करना चाहता है। इसके तहत ही टंकी चौराहा से मिर्जा नईम बेग मार्ग होते हुए तेलीवाड़ा चौराहे तक चौड़ीकरण होना है। यह इलाका व्यवसायिक क्षेत्र में आता है। इस सड़क पर साड़ी, टाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रेडीमेड गारमेंट की कई शॉप हैं। रोड पर दिनभर आवाजाही रहती है। चूंकि दिवाली का सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में व्यापारियों को कारोबार ठप होने की आशंका है।

Advertisement

टुकड़े-टुकड़े में होगा काम
व्यापारियों ने सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल से मुलाकात की और उनसे दिवाली के बाद चौड़ीकरण काम शुरू करने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि साल का सबसे बड़ा सीजन शुरू होने वाला है। अगर अभी से तोडफ़ोड़ कर दी तो उनका कारोबार खत्म हो जाएगा। दिवाली बाद काम होने से राहत मिल जाएगी। अग्रवाल ने कहा कि चौड़ीकरण जरूरी है और सिंहस्थ को देखते हुए समय का ध्यान भी रखना होगा। अगर देरी से काम शुरू होगा तो पूरा भी देरी से होगा। ऐसे में समय कम मिलेगा। उन्होंने कहा कि बजाय पूरे मार्ग को एक साथ चौड़ा करने के दो से तीन टुकड़ों में इसे पूरा किया जाए। १५०-१५० मीटर के पेंच बनाकर काम अगर करते हैं तो किसी को भी दिक्कत नहीं आएगी। संभागायुक्त आशीष सिंह इससे सहमत दिखाई दिए।

18 मीटर चौड़ी होगी रोड
टंकी चौराहा-तेलीवाड़ा रोड यूं तो पर्याप्त चौड़ी है। इसकी अधिकतम चौड़ाई अभी 16 मीटर तक है। कुछ जगह पर यह 15 मीटर की है। सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसके दोनों तरफ के मकान-दुकान 3 से 5 फीट तक आ रहे हैं। हालांकि अगर सड़क पर पार्किंग और अतिक्रमण हटा दिया जाए तो सड़क को चौड़ा करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी, लेकिन ऐसा होना संभव नहीं है। इसीलिए मार्ग चौड़ा किया जा रहा है।

Advertisement

टुकड़े-टुकड़े में काम का कहा है
निगम की टीम को मार्ग चौड़ीकरण का काम टुकड़े-टुकड़े में करने का कहा है। व्यापारी दिवाली सीजन पूरा करने का समय मांग रहे थे। पर ऐसे में काम में देरी होने की आशंका थी। फिलहाल पेंच अनुसार चौड़ीकरण किया जाने पर सहमति बन गई है।
जगदीश अग्रवाल, अध्यक्ष
सिंहस्थ मेला प्राधिकरण

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें