निकाह का झांसा, महिला का घर छुड़ाया… किया दुष्कर्म

चंदन नगर पुलिस ने अशरफ उर्फ सट्टू पर कसा शिकंजा
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में पहले से शादीशुदा महिला को निकाह का सब्जबाग दिखाकर दैहिक शोषण करने और बाद में मुकरने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने घरेलू कलह का फायदा उठाकर पहले महिला का तलाक कराया, फिर महीनों साथ रखकर शादी से मुकर गया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अशरफ उर्फ सट्टू के खिलाफ दुष्कर्म व मारपीट का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीडि़ता के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले अशरफ से करीब एक साल पहले जान-पहचान हुई थी। पति से अनबन की बात जानकर आरोपी ने नवंबर में सूने घर में शादी का झांसा देकर पहली बार ज्यादती की। इसके बाद महिला नौकरी के सिलसिले में दुबई चली गई, लेकिन आरोपी ने निकाह का वास्ता देकर उसे वापस इंदौर बुला लिया। यहां से वह उसे अजमेर ले गया और एक गेस्ट हाउस में चार दिनों तक बंधक बनाकर शारीरिक शोषण किया।
तलाक होते ही बदला रंग
आरोपी के दबाव में आकर महिला ने पति से तलाक ले लिया। इसके बाद अशरफ ने किराए का कमरा लेकर उसे लिव-इन में रखा। शादी की बात छेडऩे पर वह मारपीट करने लगा और 30 अगस्त को उसे कमरे में बेसहारा छोड़कर भाग निकला। बदहवास पीडि़ता ने परिजन को आपबीती बताकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुटी है।









