त्योहारों से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 गुंडे जिलाबदर; 5 पर प्रतिबंधात्मक आदेश

कमिश्नर के आदेश: 3 से 6 महीने इंदौर व सीमावर्ती जिलों से बाहर रहेंगे बदमाश
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति व कानून-व्यवस्था पुख्ता रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आदेश जारी कर शहर के 9 कुख्यात बदमाशों को जिलाबदर कर दिया है, जबकि 5 अन्य आदतन अपराधियों पर सख्त निर्बंधन आदेश लागू किए हैं। इन बदमाशों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं और पूर्व में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के बावजूद इनकी गतिविधियों में कोई सुधार नहीं आ रहा था। शासन की ओर से एडीपीओ अजय प्रताप बुंदेला ने इन सभी मामलों में पैरवी की।
कमिश्नर के आदेश के मुताबिक, 9 बदमाशों को इंदौर (नगरीय व ग्रामीण) सहित आसपास के सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से तय समय तक बाहर रहना होगा। इनमें 3 बदमाशों को 6 माह और 6 को 3 माह के लिए बाहर खदेड़ा गया है। अवधि के दौरान शहर की सीमा में कदम रखने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाबदर के अलावा पुलिस कमिश्नर ने 5 अन्य आदतन अपराधियों पर 6 महीने से 1 साल तक के लिए निर्बंधन आदेश थोप दिए हैं। इन सभी पर कड़ी शर्तें लागू रहेंगी। इन्हें रोजाना या तय समय पर अपने संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी लगानी होगी और किसी भी प्रकार की असामाजिक या आपराधिक गतिविधि से पूरी तरह दूर रहना होगा। किसी भी शर्त की अवहेलना करने पर इन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।
निर्बंधन दायरे में आए ये पांच अपराधी
धर्मेंद्र उर्फ छोटू धीमान (उम्र 30, बड़ी ग्वालटोली, पलासिया): 1 वर्ष, संतोष तलगैया (उम्र 30, श्यामचरण शुक्ला नगर, संयोगितागंज): 1 वर्ष, दीपक शिंदे (उम्र 54, स्कीम-78, लसूडिय़ा): 1 वर्ष, प्रभाकर बिसे (उम्र 30, निरंजनपुर, लसूडिय़ा): 1 वर्ष, रामबहादुर कैथवास (उम्र 54, कुलकर्णी का भट्टा, परदेशीपुरा): 6 माह।









