गढक़ालिका और भर्तृहरि गुफा 80 फीट रोड से जुड़ रहे

सिंहस्थ क्षेत्र में सबसे पहले बनेगी रोड, 7 मीटर चौड़ी सीसी रोड एक साथ बन रही
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ में इस बार गढक़ालिका से भर्तृहरि गुफा तक 80 फीट चौड़ी रोड से आ जा सकेंगे। पहली बार दोनों स्थलों को सीसी रोड से जोड़ा जा रहा है। महापर्व की तैयारी के लिए बन रही सडक़ों में यह सबसे पहले बनकर तैयार हो जाएगी।
यूडीए इसे 22 करोड़ रुपए से बना रहा है। गढक़ालिका से भर्तृहरि गुफा तक इसकी लंबाई 2160 मीटर है। इसकी चौड़ाई 24 मीटर (करीब 80 फीट) होगी। प्राधिकरण ने इसे बनाने का ठेका कोटा की कंपनी जेनको को दिया गया है। खास बात यह कि रोड का निर्माण 7 मीटर चौड़ी पेवर मशीन से किया जा रहा है। इससे 22 फीट चौड़ी रोड एक साथ बन रही। सिंहस्थ की सडक़ों का काम पेवर मशीनों से ही किया जा रहा है, लेकिन उनकी चौड़ाई कम है, जिससे 22 फीट रोड बनाने के लिए दो बार मशीन लगती है। यूडीए अधिकारियों का कहना है कि रोड की लंबाई कम और बड़ी पेवर मशीन से करने के कारण यह जल्द बनकर तैयार हो जाएगी।
बीच में डिवाइडर और सेंट्रल लाइट भी
इस रोड के बीच डिवाइडर होगा और सेंट्रल लाइटिंग भी होगी, जिससे वाहनों का आवागमन आसान होगा और सुंदरता भी बढ़ेगी। सिंहस्थ बाद भी यह दोनों स्थलों को जोड़ेगा। पीर मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल भी इसी रोड पर है।
सबसे पहले बनेगी रोड: यह सही है कि गढक़ालिका से भर्तृहरि गुफा तक की रोड सबसे पहले बनकर तैयार होगी। 22 करोड़ रुपए से इसे बनाया जा रहा है। सिंहस्थ के लिए यह महत्वपूर्ण रोड है।
डॉ. रवि सोलंकी, अध्यक्ष यूडीए









