मीना बाजार में बाइक चोरी, रात में युवक लापता, सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला शव

दोस्तों के साथ गया था मीना बाजार, दोस्तों ने घर के पास छोड़ा था
अक्षरविश्व न्यूज देवास। मीना बाजार में बाइक चोरी होने के बाद दोस्तों के साथ उसे तलाशने निकला 19 वर्षीय रघुवीर सिंह राजपूत रात में घर नहीं पहुंचा। गुरुवार सुबह उसका शव किंग जॉर्ज स्कूल के पीछे रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। रात करीब 3.52 बजे निकली ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार बावडिय़ा निवासी रघुवीर पिता सतीश राजपूत कृति कंपनी में काम करता था और सामान्यत: सुबह 6 बजे घर लौटता था। बुधवार रात करीब 9 बजे वह दोस्तों के साथ मीना बाजार गया था। करीब एक घंटे बाद मेले से बाहर आने पर उसकी बाइक गायब मिली। दोस्तों ने बाइक तलाशने के बाद कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद भी बाइक की तलाश जारी रखी। रघुवीर के दोस्त युवराज चंदेल ने पुलिस को बताया कि वह शीतला माता मंदिर के पास से रघुवीर के साथ पैदल आया था। उसे घर के पास गली में छोडऩे पर रघुवीर ने घर जाने की बात कही थी। इसके बाद युवराज लौट गया। हालांकि, रघुवीर घर पहुंचने के बजाय रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं है।
औद्योगिक थाना पुलिस ने बताया कि रात करीब 3.52 बजे निकली ट्रेन नंबर 19304 की चपेट में आने से रघुवीर की मौत होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि ट्रेन के चालक से भी संपर्क किया था। उन्होंने बताया कि मृतक उसके तीन दोस्तों के साथ मीना बाजार गया था जिनमें पीयूष चौहान, नरेंद्र परिहार, अभिषेक नागर थे। पुलिस ने दोस्तों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं।
मोबाइल से संपर्क, कपड़ों से हुई पहचान
शव के पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजन से संपर्क किया। थाने पहुंचने पर पिता से मोबाइल का लॉक खुलवाया गया, जिसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि रघुवीर द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। औद्योगिक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। पुलिस अब बाइक चोरी से लेकर युवक के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने के घटनाक्रम की कडिय़ां जोड़ रही है।








