Popup Image

शेयर डबल करने का झांसा, 1.74 लाख की ठगी

ग्वालियर। ग्वालियर में दोस्त पर भरोसा कर शेयर मार्केट में पैसा लगाना एक शख्स को भारी पड़ गया। परिचित ने एक साल में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर 1.74 लाख रुपए से ज्यादा अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। एक साल पूरा होने पर फरियादी ने दोस्त से मुनाफे के साथ अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने यह कहकर इनकार कर दिया कि तुम्हारे शेयर तो डूब गए हैं।

Advertisement

घटना सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच मुरार के हाथीखाना रोड की है। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीडि़त ने मुरार थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी दोस्त के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

मुरार के चेतना स्कूल के पास हाथीखाना रोड निवासी फरियादी रामअवतार कुशवाहा (42) ने बताया कि दतिया निवासी और वर्तमान में बंशीपुरा, मुरार में रह रहा भगवानदास कुशवाहा उसका परिचित है। कुछ समय पहले भगवानदास ने उससे कहा कि शेयर मार्केट में रुपए लगाने से बहुत मुनाफा होता है। कई लोग वहां पैसे लगाकर लाखों रुपए कमा रहे हैं। उसने शेयर बाजार में रुपए लगवाकर एक साल के अंदर तगड़ा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।

Advertisement

रामअवतार ने कहा कि उसे शेयर बाजार का ज्ञान नहीं है, इसलिए वह भगवानदास पर भरोसा करके उसे ही पैसे दे देगा। भगवानदास ने उसे रुपए डबल करके देने का भरोसा दिया था। भगवानदास के झांसे में आकर रामअवतार ने सितंबर 2025 में अलग-अलग तारीखों पर अपने दोस्त गजराज कुशवाहा के पंजाब नेशनल बैंक खाते से के यूपीआई माध्यम से 1.74 लाख रुपए भगवानदास को ट्रांसफर करवाए।

इसके अलावा अपने खाते और दूसरे दोस्त वासुदेव कुशवाहा के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से भी अन्य रकम भगवानदास को भेजी गई थी। करीब एक साल बीतने के बाद जब रामअवतार ने भगवानदास से संपर्क किया और अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने रुपए लौटाने से साफ इनकार कर दिया। आरोपी ने कहा कि जिस शेयर पर आपका पैसा लगाया था, उसमें आपका पैसा डूब गया है।
‘ यह सुनकर रामअवतार को धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

Advertisement

धोखाधड़ी का अहसास होते ही थाने पहुंचा पीडि़त
फरियादी रामअवतार ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की थी। मामला परिचित द्वारा धोखाधड़ी का होने के कारण मुरार थाना पुलिस ने उसे थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस ने लेनदेन से जुड़े सबूत जुटाने के बाद उसके दोस्त के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना

डीएसपी क्राइम मनीष यादव ने कहा कि ठग कई तरह से धोखाधड़ी करते हैं। लोगों को ऐसे झांसे से सावधान रहने की जरूरत है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें