कचरा कलेक्शन, बिजली उत्पादन और वेस्ट से बेस्ट नवाचार से बना अवार्ड का हकदार

लगातार दूसरे साल उज्जैन को मिलेगा स्वच्छता पुरस्कार
3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में उज्जैन पहली पोजिशन का दावेदार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्वच्छता सर्वेक्षण लीग में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में उज्जैन पहली पोजिशन हासिल करने की स्थिति में है। 100 फीसदी कचरा कलेक्शन, कचरे से बिजली उत्पादन और वेस्ट से बेस्ट जैसे नवाचार ने उज्जैन को इस श्रेणी में ला खड़ा किया है। महापौर मुकेश टटवाल, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, निगम सभापति कलावती यादव, एमआईसी मेंबर सत्यनारायण चौहान और प्रकाश शर्मा दिल्ली पहुंच गए हैं। शाम ४ बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुरस्कार देंगी।
दरअसल, 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में उज्जैन लगातार दूसरे साल अवार्ड हासिल करेगा। 2025 में भी उज्जैन ने यह अवार्ड जीता था। 2019 में भी उज्जैन को पुरस्कार मिला था लेकिन बीच में एक लंबा गैप हो गया था।
इन नवाचारों के कारण मिलेगा पुरस्कार
1 100फीसदी डोर टू डोर कचरा कलेक्शन- उज्जैन शहर के 54 वार्ड में 96 वाहनों के माध्यम से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन किया जा रहा है। यह कचरा सूखा, गीला, सेनेटरी, एवं घरेलू हानिकारक जैसे चार भागों में एकत्र हो रहा है।156 आईईसी सदस्य इस व्यवस्था पर सतत निगरानी रखते हैं।
2 लीगेसी वेस्ट का 100 फीसदी रेमेडीएशन- गोदिंया ट्रेंचिंग ग्राउंड और एमआर-5 के लीगेसी वेस्ट का 100 फीसदी रेमेडीएशन नगरनिगम कर रहा है। यहां आने वाले कचरे का रोजाना निष्पादन हो रहा है। यहां बगीचा विकसित हो चुका है।
3 निर्माल्य से अगरबत्ती, धूपबत्ती, गुलाल- मंदिरों से निकलने वाले निर्माल्य से अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बनाई जा रही है।
4 कचरे से बिजली उत्पादन एमआर-5 स्थित टीपीडी मेथेनेशन प्लांट में बल्क वेस्ट जनरेटर की मदद से बिजली का उत्पादन हो रहा है।
5 दिन में तीन बार सफाई- शहर में दिन में तीन बार सफाई कराई जा रही है। यह काम सारे 54 वार्ड में चल रहा है।
6 वेस्ट कपड़ों से पैपर बैग, फाइल- घाटों पर छोड़े जाने वाले वेस्ट कपड़ों से पैपर बैग, फाइल कवर बनाए जा रहे हैं।
7 वेस्ट को बेस्ट बनाने के लिए तीन बड़े नवाचार- वेस्ट को बेस्ट बनाने के लिए निगम ने इस साल तीन बड़े नवाचार किए हैं। इसके मुताबिक जूते-चप्पल, कोकोनट और जैविक अवशिष्ट से ईंधन बनाने के प्लांट लगाए जा रहे हैं। घट्टिया में सीबीजी प्लांट तैयार हो रहा है। यहां सीबीजी बनेगी। उद्योगों को यहां से सीबीजी सप्लाई की जाएगी।
8 पर्व-त्योहार पर विशेष सफाई अभियान निगम की टीम ने पर्व-त्योहार पर सफाई के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। होली, दिवाली पर हाथोंहाथ सफाई की जा रही है।
9 शिप्रा कवच- शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए 25 सदस्यीय समिति गठित की है, जो नदी में निर्माल्य डालने से रोकती-टोकती है।
मेंटरशिप में कमजोर पड़ा उज्जैन
स्वच्छता लीग में छोटे शहरों को भी आगे लाने के लिए पिछले साल बड़े शहरों को दी गई मेंटरशिप में उज्जैन कमजोर पड़ा है। उज्जैन नगरपरिषद उन्हेल का मेंटर था लेकिन उन्हेल सफाई के मामले में ज्यादा कुछ नहीं कर सका है।
लगातार दूसरे साल अवार्ड मिलना बड़ी बात
लगातार दूसरे साल अवार्ड तक आना बड़ी बात है। निगम कर्मियों की मेहनत, मॉनिटरिंग से हम रेस में आगे हैं।
मुकेश टटवाल
महापौर
उज्जैन की पोजिशन बेहतर
नवाचार से उज्जैन की पोजिशन बेहतर है। 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में हम टॉप 3 में रह सकते हैं।
अभिलाष मिश्रा निगमायुक्त









