नारायणा में स्वास्थ्य केंद्र बंद, मेडिकल ऑफिसर नदारद,एमओ को नोटिस, बीएमओ हुईं तलब

सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी अचानक नारायणा और पानबिहार में निरीक्षण करने पहुंच गए। नारायणा केंद्र पर ताले थे और मेडिकल ऑफिसर नदारद। ऐसे में उन्हें नोटिस जारी किया गया। जबकि बीएमओ को तलब कर पूछताछ की गई।
दरअसल, स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डॉ. विक्रम रघुवंशी आकास्मिक दौरे कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे अचानक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणा पहुंचे थे। केंद्र बंद मिलने पर उन्होंने मेडिकल ऑफिसर डॉ.भूपेंद्र चौधरी, को शोकाज नोटिस जारी किया है। उनसे अनुपस्थित रहने का कारण पूछा है। उनके साथ ही ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शोभना भाबर को तलब किया गया। डॉ. रघुवंशी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी-कर्मचारी दायित्व का पालन ईमानदारी से करें।
यहां भी गए सीएमएचओ सीएमएचओ उप स्वास्थ्य केंद्र कालूहेड़ा एवं आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 पर भी गए। डॉ. रघुवंशी ने स्वास्थ्य संस्थाओं में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने एवं निर्धारित समय में आवश्यक जांचें कराने पर जोर दिया। हाईरिस्क गर्भवतियों की पहचान, उनका नियमित फॉलोअप एवं समुचित प्रबंधन के निर्देश दिए।
रिकॉर्ड का व्यवस्थित संधारण, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने की हिदायत दी। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड ,आभा आईडी बनाने, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने, परिवार कल्याण कार्यक्रम के स्थायी अस्थायी साधनों का निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समय पर करने का कहा।









