दो मिशनों में आई थी खराबी, इसरो ने बदला PSLV के तीसरे चरण का डिजाइन; ग्राउंड टेस्ट सफल

इंजन के डिजाइन में बदलाव कर नए सिरे से तैयार किया चरण, श्रीहरिकोटा में जमीन पर चलाकर जांची कार्यक्षमता
श्रीहरिकोटा, एजेंसी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने पीएसएलवी (PSLV) रॉकेट के तीसरे चरण का ग्राउंड टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। पिछले दो अंतरिक्ष अभियानों के दौरान इसी चरण में तकनीकी खराबी सामने आई थी। इसके बाद इसरो ने इंजन के डिजाइन में बदलाव कर इसे नए सिरे से तैयार किया और इसकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया।
यह परीक्षण आंध्र प्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र की विशेष परीक्षण सुविधा में किया गया। इस दौरान रॉकेट के इंजन को जमीन पर स्थिर करके चलाया गया और उसके प्रदर्शन की जांच की गई।
पिछले दो मिशनों में आई थी गड़बड़ी
पीएसएलवी-सी61/ईओएस-09 और पीएसएलवी-सी62/ईओएस-एन1 अभियानों के दौरान रॉकेट के तीसरे चरण में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। इसके कारण इन मिशनों के प्रदर्शन पर असर पड़ा था।
इन घटनाओं के बाद इसरो ने तीसरे चरण की विस्तृत जांच की और तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए जरूरी बदलाव किए।
डिजाइन में सुधार के बाद किया परीक्षण
इसरो ने तीसरे चरण के इंजन के डिजाइन में बदलाव कर इसे मजबूत बनाया है। नए डिजाइन के साथ तैयार किए गए चरण का जमीन पर परीक्षण किया गया। सफल परीक्षण से इसके प्रदर्शन और विश्वसनीयता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
यह परीक्षण पीएसएलवी रॉकेट की तकनीकी खामियों को दूर करने और भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।









