आग ताप रहे लोगों पर काल बनकर चढ़ा बेकाबू ट्रक

3 की मौत; ढाबा संचालक समेत 2 घायल
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मक्का से भरे ट्रक ने ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह करीब 3 बजे सोनू ढाबे के सामने हुआ। लोगों को कुचलने के बाद ट्रक पलट गया।
पहले तीन वाहनों को मारी टक्कर, फिर लोगों को कुचला
पुलिस के मुताबिक, ट्रक (MP 20 HB 1200) शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा था। सोनू ढाबे के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया। उसने सड़क किनारे खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप को टक्कर मार दी। इसके बाद ढाबे के बाहर मौजूद लोगों को कुचलते हुए कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
हादसे के समय कुछ लोग ढाबे पर खाना खा रहे थे, जबकि कुछ ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे थे। अचानक तेज रफ्तार ट्रक आने से वहां अफरा-तफरी मच गई।
तीन लोगों की मौके पर मौत, मृतकों में ढाबे का कर्मचारी भी
सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास के अनुसार, हादसे में मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी की मौत हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। वहीं, हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ड्राइवर के नशे में होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारने के बाद भी वाहन पर नियंत्रण नहीं किया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।









