मौज-मस्ती के कार्तिक मेले में झूलों पर संकट

रंगत : शिप्रा तट पर आज से सजेगी रोशनी और मस्ती की महफिल, 30 दिन तक जमेगा संस्कृति का रंग
19 बड़े झूलों में से सिर्फ एक ही आया, 13 के फिर खुलेंगे टेंडर
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शिप्रा तट पर सोमवार शाम से रोशनी और मौज-मस्ती की महफिल जमेगी। अब पूरे एक महीने तक शिप्रा तट रंगबिरंगी रोशनी से नहाया रहेगा। शाम 7 बजे बडऩगर रोड स्थित कार्तिक मेला मंच पर कार्तिक मेले का शुभारंभ महापौर मुकेश टटवाल की अध्यक्षता में होगा। सांसद अनिल फिरोजिया, बालयोगी उमेशनाथ, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा,निगम सभापति कलावती यादव, नेता प्रतिपक्ष रवि राय, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा की मौजूदगी में समारोह होगा। मेले में लगने वाले बड़े झूलों को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं हो सकी है। 19 में से छह के टेंडर लगे हैं और इनमे से भी सिर्फ एक ही झूले का सामान रविवार शाम तक उज्जैन पहुंचा है। हालांकि आज शाम को फिर से झूलों के टेंडर खुलने हैं। अगर फिर निविदा नहीं आई तो संकट बड़ा हो सकता है।
दरअसल, कार्तिक मेले का इंतजार पूरे साल रहवासियों को रहता है। गुलाबी सर्दी के बीच गराडू-जलेबी का आनंद उठाने बड़ी संख्या में शहरवासी मेले में पहुंचते हैं। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण यहां आने वाले झूले होते हैं। नगरनिगम के आयोजन में होने वाले झूलों को भी दो भागा में बांटा जाता है। पहले भाग में छोटे झूले होते हैं, जबकि दूसरे में बड़े। बड़े झूलों में लोगों की दिलचस्पी ज्यादा होती है और 70 से 80 फीट ऊंचे इन झूलों पर झुलने के लिए लोग बेचैन रहते हैं। पर इस बार झूलों को लेकर दिक्कत खड़ी हो गई है।
क्या है दिक्कत
इस बार निगम ने बड़े झूलों की जमीन की रिजर्व प्राइस वही तय कर दी, जो टेंडर की अंतिम बोली थी।
पिछले साल झूला संचालकों ने जगह हासिल करने के लिए जमकर बोली लगाई और निगम के खजाने में 1.34 करोड़ रुपए पहुंचे थे।
होड़ में पिछले साल बोली लगाने वाले इस बार रिजर्व प्राइस देखकर सकते में आ गए।
इन लोगों ने एका कर ली और टेंडर नहीं डालने का फैसला किया।
मगर इन्हीं में से एक अर्जुन मालवीय ने मौका भुनाते हुए अपने और अपने परिचितों से 6 झूलों के 8 टेंडर डलवा दिए।
इन छह झूलों के टेंडर हो गए, पर भारी मूल्य पर डाली राशि चुकाने मेंं अब दिक्कत आ रही है। ऐसे में पांच अपने पैर पीछे खींच रहे हैं।
सिर्फ एक ही झूला रविवार शाम तक उतर सका था।
शेष 13 झूलों के लिए निगम टेंडर रीकॉल पर रीकॉल कर रहा है लेकिन संचालक नहीं आ रहे हैं। इधर, निविदा नहीं भरने वाले झूला संचालकों ने टेंडर लेने वालों को झूला नहीं देना तय कर लिया है।
अब ऐसे में सिर्फ एक ही बड़ा झूला लगने की संभावना बन रही है।
सहायक राजस्व अधिकारी जयसिंह राजपूत कहते हैं कि अर्जुन मालवीय का एक झूला रविवार शाम तक उतरा था। उसने सोमवार को रिजर्व प्राइस जमा करने की बात की है। बाकी से चर्चा चल रही है। उम्मीद है कि टेंडर वाले छह झूले लग ही जाएंगे। बाकी से भी बातचीत जारी है।
कोटा के ठेकेदार ने नहीं चुकाई पिछले साल की राशि, निगमायुक्त नाराज
इधर, पिछले साल लगे झूलों की राशि भी नहीं आई है। कोटा के शर्मा परिवार ने दो झूलों के लिए आवंटित जमीन का मूल्य नहीं चुकाया है। इन पर 8 लाख रुपए से ज्यादा की रकम बकाया है। रविवार को निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने बकाया राशि नहीं आने पर राजस्व विभाग के अफसरों पर जमकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मालविभाग के धीरजकुमार श्रीवास्तव को फटकार लगाई और कहा कि जल्दी से पैसा जमा कराओ। संबंधितों पर एफआईआर दर्ज कराओ। अगर राशि नहीं आई तो तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई होगी। निगमायुक्त ने कहा कि निगम के राजस्व का नुकसान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पिछली रिकवरी जल्दी से करने का कहा है
पिछले साल के झूलों की जमीन की रिकवरी जल्दी से करने का कहा है। दो झूलों की राशि बाकी है। मेले में अब तक २३ झूलों की मंजूरी हो गई है। इनमें 17 छोटे और छह बड़े झूले शामिल हैं।
अभिलाष मिश्रा, निगमायुक्त
छोटी रपट से पैदल आ जा सकेंगे लोग
शिप्रा तट पर लगने वाले मेले तक जाने के लिए निगम ने छोटी रपट पर बन रहे पुल से पैदल रास्ता देने का फैसला किया है। इस रास्ते का लोग उपयोग कर सकेंगे। पुल से वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। निगमायुक्त ने कहा कि लोग पुल से पैदल गुजर सकेंगे, वाहनों से जाने की अनुमति नहीं होगी।
आज के टेंडर से निगम को आस
बचे 13 बड़े झूलों की जमीन के टेंडर सोमवार को खोले जाएंगे। निगम को इन टेंडर से बहुत आस है। हालांकि अगर टेंडर हो भी जाते हैं तो झूलों को लगाने में कम से कम 7 दिन का समय लगेगा। इस नुकसान की पूर्ति संचालक कैसे करेंगे, यह वह ही जानते होंगे।
व्यापारी बहिष्कार पर अड़े
झूला कारोबारी बहिष्कार पर अड़े हुए हैं। कार्तिक मेला व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सारवान कहते हैं कि रिजर्व प्राइस बहुत ज्यादा है। इसे कम करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो एक भी झूला नहीं लगेगा।
रिजर्व प्राइस कम नहीं कर सकते
राजस्व समिति के प्रभारी रजत मेहता कहते हैं कि झूले की जमीन की रिजर्व प्राइस कम नहीं कर सकते। अगर ऐसा करते हैं तो यह सीधे-सीधे वित्तीय अनियमितता का मामला बन जाएगा। पिछले साल जिस राशि पर टेंडर हुए थे, उससे कम पर जमीन देना तो सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाना माना जाएगा।









