ब्राह्मणीपुरा में खड़ी कार पर चलाई गोली, आगे का शीशा भेदा, सीट पर मिला खोका, पुलिस जांच में जुटी

अक्षरविश्व न्यूज खाचरौद। नगर के ब्राह्मणीपुरा क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति ने घर के पास खड़ी कार को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से कार का अगला शीशा टूट गया और एक गोली अंदर अगली सीट पर मिली। रिहायशी इलाके में हुई इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
ब्राह्मणीपुरा निवासी एवं कार मालिक सांवरिया मोतीलाल सोनी ने बताया कि उन्होंने रविवार शाम को अपनी अल्टो कार घर के नजदीक खड़ी की थी। गुरुवार सुबह जब वे बाहर जाने के लिए कार लेने पहुंचे तो उसके आगे के शीशे पर गोली लगने का निशान दिखाई दिया। जांच करने पर अगली सीट पर गोली भी मिली।
यह देखते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। ब्राह्मणीपुरा क्षेत्र नगर के प्रमुख मागों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में आबादी वाले इलाके में इस तरह गोली चलने की घटना ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया मामले की बारीकी से जांच की जाएगी तथा घटना में लिप्त आरोपित की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









