Popup Image

शिप्रा के 200 मीटर के दायरे में 156 निर्माण, इनमें निगम की पार्किंग व मोक्षधाम भी शामिल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शिप्रा नदी के 200 मीटर के दायरे में सिंहस्थ आरक्षित भूमि पर 156 पक्के निर्माण हैं। इनमें सबसे ज्यादा जोन 1 एवं ३ में हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन निर्माण में प्रधानमंत्री योजना के आवास, नगरनिगम की पार्किंग और त्रिवेणी मोक्षधाम भी शामिल हैं।

Advertisement

दरअसल, उज्जैन नगर निगम ने यह जानकारी मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को दी है। कोर्ट ने नगरनिगम से क्षिप्रा नदी के 200 मीटर के दायरे के निर्माणों की जानकारी मांगी थी। इसमें ही नगरनिगम ने बताया है कि सिंहस्थ आरक्षित भूमि पर कुल 156 निर्माण कार्य हैं। नगर निगम ने हाई कोर्ट की इंदौर बेंच के समक्ष ज़ोन-वार सूचियां भी पेश की हैं।

सत्यनारायण सोमानी यह मामला कोर्ट में ले गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और अन्य के खिलाफ रिट याचिका (संख्या 181/2023) दायर कर रखी है। इसे अदालत ने सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है, क्योंकि मसला सिंहस्थ-2028 से संबंधित है। अदालत ने इस मामले में नगरनिगम से नदी के 200 मीटर के दायरे में हुए निर्माण कार्यों की सूची मांगी थी, यह वह निर्माण हैं जो मास्टर प्लान का उल्लंघन करते हैं। अदालत ने उन निर्माण कार्यों के आंकड़ें भी मांगे थे जिन्हें रोक दिया गया है या जिन्हें ध्वस्त किया जा चुका है।

Advertisement

सर्वेक्षण में क्या सामने आया: तत्कालीन अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता की तरफ से हाई कोर्ट में जवाब पेश किया गया है। इसके मुताबिक जोनवार निर्माण का ब्योरा देते हुए उनका प्रकार भी लिखा गया है।
चार जोन का ब्योरा, दो का नहीं : उज्जैन नगरनिगम सीमा के छह जोन में से चार का ब्योरा कोर्ट को दिया गया है। दो जोन (4 एवं 5)को सर्वेक्षण में इसलिए शामिल नहीं किया गया ,क्योंकि इनका दायरा शिप्रा नदी से दूर है।

ब्योरे में बताया गया है कि यह निर्माण नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (टीएनसीपी)या नगर निगम की अनुमति के बिना किए गए हैं।
अधिकतर सिंहस्थ आरक्षित जमीन पर: सूची में बताया है कि जोन 1 और 3 में अधिकांश निर्माण कार्य सिंहस्थ आरक्षित ज़मीन पर हैं, जिसे मेले के दौरान विशेष रूप से धार्मिक और सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित किया गया है।

Advertisement

किस जोन में कितने निर्माण

  • जोन 1- 80
  • जोन 2- 29
  •  जोन 3-34
  •  जोन 6- 13

जोनवार यूं है ब्योरा

जोन 1- सूची में सिद्धवट-भैरवगढ़ रोड पर 55 निर्माण, क्षिप्रापुरा (वार्ड 12) में 18, मंगलनाथ में 6 और जेल रोड के 1 निर्माण कार्य शामिल हैं। इन 80 निर्माण कार्यों में से 36 आवासीय और 30 व्यावसायिक हैं। इनमें भी 52 निर्माण पक्के हैं, जबकि 28 कच्चे या टीन-शेड वाले हैं।

जोन 1 में एक मैरिज गार्डन, रेस्तरां, गेस्ट हाउस, फार्महाउस, चाय की दुकानें, किराने की दुकानें, गैरेज, वर्कशॉप, धर्मशालाएं, आश्रम और एक बैंक की शाखा भी हैं। इनमें से कम से कम 13 घर ऐसे हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास ) के तहत बनाया गया है और सब्सिडी भी ली गई है।

जोन 2 – सूची में गणगौर दरवाज़ा से लेकर बॉम्बे वाले की धर्मशाला तक के हिस्से में 2004 के बाद हुए निर्माण शामिल किए गए हैं।

जोन 3- सूची में रामघाट, योगीपुरा, हरसिद्धि की पाल और नरसिंह घाट आते हैं। यहां गेस्ट हाउस, एक होटल, धर्मशालाएं, आश्रम और घर का जिक्र है।

जोन 6 – सूची में एक होटल के लॉन, एक मैरिज गार्डन और कई कॉलोनियों के घर शामिल हैं। इसमें हरिफाटक क्षेत्र में नगर निगम की पार्किंग और त्रिवेणी मोक्षधाम भी शामिल है।

शोकाज जारी करने का हवाला: उज्जैन नगर निगम ने कोर्ट को बताया है कि वह गैर कानूनी निर्माण को हटाने की कार्रवाई कर रहा है। संबंधितों को कानूनी कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निगम ने कहा कि जिन लोगों के नाम इसमें शामिल हैं, उनके द्वारा पेश किए गए किसी भी दस्तावेज़ या दावे की जांच सक्षम अधिकारी कर रहे हैं।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें