गाय चुराई, तत्काल कार्रवाई, दो गिरफ्तार

उज्जैन। आगर रोड के संपतनगर से एक शख्स की गाय दो लोगों ने चुरा ली। पिकअप में गाय लेकर वे रवाना भी हो गए, लेकिन गाय मालिक ने समय रहते पुलिस को सूचना दे दी, ऐसे में नाकाबंदी कर वाहन कानीपुरा रोड पर रोका गया। अब आरोपी हिरासत में हैं।
दरअसल, संपतनगर के रहने वाले 26 साल के अनिल ने गाय पाल रखी है। उनकी सफेद गाय गुरुवार को घर के सामने से अचानक गायब हो गई थी। उन्होंने गाय की तलाश की और इसके नहीं मिलने पर उसकी तलाश शुरू की। इस बीच उन्हें पता चला कि गाय आकाश पेट्रोल पंप के सामने भाटी की रेत खदान के पास है। वे यहां पहुंचे तो उनकी गाय पिकअप वाहन एमपी-13-जेडएच-7147में लदी थी। उन्होंने वाहन रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। ऐसे में उन्होंने तत्काल चिमनगंज पुलिस को सूचना दी।
नाकाबंदी कर कानीपुरा रोड पर रोका वाहन
पुलिस ने प्रमुख मार्गों की नाकाबंदी कर दी। ऐसे में कानीपुरा रोड पर दोपहर करीब ३ बजे पिकअप को रोक लिया गया। इस पर सवार राघवी थाने के हिंगोनिया निवासी दीनदयाल पांचाल और पंवासा थाने के खुसलाखेड़ी के उमेशसिंह परमार को पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि दीनदयाल ने गाय को पिकअप में लादा था। पिकअप मालिक उमेश है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।









