95 साल बाद जनगणना में पूछी जाएगी जाति 25 जनवरी 2027 से शुरू होगा दूसरा चरण
1931 के बाद पहली बार होगी देशभर में जातियों की गणना

नईदिल्ली, एजेंसी। देश में जनगणना 2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस बार जनगणना में जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। 1931 के बाद पहली बार देशभर में जातियों की गणना होगी। इस चरण में लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। जनगणना का पहला चरण जून 2026 में पूरा हो चुका है।
फिलहाल उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में जनगणना नहीं होगी। इन राज्यों में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। वहीं, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में भी इस चरण की प्रक्रिया नहीं होगी।
ऑनलाइन भर सकेंगे जनगणना का डेटा
यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। सरकार की अधिसूचना के अनुसार, 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। अंत में पांच दिन का रिवीजन राउंड होगा।
30 लाख कर्मचारी जुटाएंगे जानकारी
जनगणना के लिए करीब 30 लाख प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। ये टैबलेट और मोबाइल एप के माध्यम से डेटा जुटाएंगे। गृह मंत्रालय के तहत रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया ने जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 3 के अंतर्गत अधिसूचना जारी की है।









