सवारी मार्ग खुदा पड़ा, अफसरों में बेचैनी…

सावन : 8 दिन शेष
रात को अफसर निकले सवारी मार्ग के हालात देखने, पहली सवारी में 11 दिन बाकी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आज से ठीक आठ दिन बाद यानी ३० जुलाई से सावन प्रारंभ हो रहा है और 3 अगस्त यानी ठीक 12वें दिन भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। सवारी मार्ग और महाकाल मंदिर के हालात ऐसे हैं कि अब अफसरों की भी नींद उड़ गई है। महाकाल मंदिर के आसपास तो फिर भी स्थिति संभल जाएगी, लेकिन सवारी मार्ग के रामघाट रोड का हिस्सा मुश्किल तैयार होना मुश्किल है। 8 दिन में हर हाल में इस रोड को पूरा करने का टॉस्क फिलहाल पूरा होता नहीं दिख रहा।
सावन से पहले सवारी मार्ग की अन्य व्यवस्थाएं बनाने में प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है। मंगलवार रात को कलेक्टर प्रशासनिक तैयारियों के लिए सवारी मार्ग पर पैदल ही घूमे। उनके साथ एसपी प्रदीप शर्मा, अपर कलेक्टर व मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर और हर विभाग के जिम्मेदार अफसर भी थे। निरीक्षण की शुरुआत पालकी द्वार (महाकाल मंदिर का गेट नंबर 1) से हुई, जहां कलेक्टर ने बिजली के तारों को हटाने के निर्देश दिए। आसपास के पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश ननि अधिकारियों को दिए। अधिकारियों ने सवारी मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, बैरिकेडिंग आदि के हालात देखे। इसके बाद वे चौबीस खंभा होते हुए रामघाट मार्ग तक गए। यहां से भी उन्होंने अतिक्रमण हटाने का कहा।
रामघाट रोड बढ़ा रहा परेशानी, दानी गेट भी खुदा पड़ा
सवारी मार्ग के लिए सबसे बड़ी मुसीबत रामघाट मार्ग है। हरसिद्धि घाटी से रामघाट तक जाने वाला रोड खुदा पड़ा है, एक साइड के भवन जर्जर हैं, नालियों का काम अधूरा है। हालांकि प्रशासन का प्रयास है कि सवारी के पहले तक सड़क का प्राथमिक काम पूरा कर आवागमन शुरू हो जाए। हालांकि ऐसे में आसपास के अधूरे मकानों का खतरा तो बना ही रहेगा, क्योंकि सवारी के वक्त हर मकान और आसपास लोगों का काफी दबाव बढ़ जाता है। इसी तरह रामानुजकोट से दानीगेट मार्ग पर भी सड़क खुदी है। कलेक्टर ने सवारी मार्ग के निर्माण कार्यों वाली जगहों पर लेवलिंग कर सड़क दुरुस्त करने का कहा है। निरीक्षण के वक्त गोपाल मंदिर के सामने रीगल टॉकीज क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य क्षेत्र को भी कवर व बैरिकेडिंग के निर्देश दिए।
जर्जर और निर्माणाधीन मकानों सहित सुरक्षा इंतजामों पर फोकस
पूरे सवारी मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त करें।
ढाबा रोड सहित सवारी मार्ग के जर्जर और निर्माणाधीन भवनों के आसपास बैरिकेड्स और चेतावनी वाले साइन बोर्ड लगाए जाएं।
ढाबा रोड पर खुले विद्युत ट्रांसफार्मरों के चारों ओर जाली लगाई जाए।
सभी विद्युत पोल को प्लास्टिक शीट से कवर करें।
सवारी मार्ग पर अब कोई भी नया निर्माण कार्य प्रारंभ न किया जाए।
फिनिशिंग बाकी
भगवान महाकाल की सवारी मार्ग पूरी तरह तैयार है। निर्माण कार्य समय पर पूरे हो जाएंगे। अभी सिर्फ फिनिशिंग वर्क बाकी है जो समय पर पूरा कर लिया जाएगा।
अभिलाष मिश्रा
निगम आयुक्त









