काम में ढिलाई पर निर्माण एजेंसी पर ठोंकी 5 लाख रुपए की पैनल्टी

चिंता : कंठाल- छत्री चौक चौड़ीकरण श्री महाकालेश्वर सवारी से पहले करने के निर्देश

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। प्री-मानसून की बरसात और मानसून की आहट ने अफसरों की पेशानी पर बल ला दिए हैं। चौड़ीकरण के लिए खुदे पड़े महाकालेश्वर सवारी मार्ग को लेकर अफसर चिंतित है और कंठालचौराहा-छत्रीचौक चौड़ीकरण काम देखने पहुंचे निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने ढिलाई मिलने पर निर्माण एजेंसी पर 5 लाख रुपए की पैनल्टी लगा दी।
दरअसल , सिंहस्थ २028 के तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसमें श्री महाकालेश्वर सवारी मार्ग प्रमुख है। निगमायुक्त अभिलाष मिश्राा सोमवार रात कंठाल चौराहे से छत्रीचौक तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य का मुआयने करने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि भगवान श्री महाकालेश्वर की राजसी सवारी से पूर्व कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा जाए। प्रतिदिन के कार्य की प्रगति रिपोर्ट की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि कंठाल चौराहे से सती गेट तक मकानों के हटाने के बाद मलबे को रात के समय हटाया जाए। ठेकेदार संसाधन और मैन पावर बढ़ाएं। प्री मानसून बारिश को दृष्टिगत रखते हुए मार्ग पर मुरम-चूरी बिछाई जाए, ताकि फिसलन नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान सती गेट से सराफा मार्ग पर प्रीकास्ट ड्रेन कार्य की गति धीमी मिलने और पेवर ब्लॉक कार्यस्थल पर लेबर नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और निर्माण एजेंसी पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया। छोटा सराफा से छत्री चौक तक चिह्नित भवनों एवं दुकानों का तुड़ाई कार्य शीघ्र कर नाली निर्माण की गति बढ़ाने और सती गेट के शेष मकानों को हटाने के निर्देश दिए। छत्री चौक चौराहे का अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।
निगमायुक्त ने बताया कि बाबा महाकाल की राजसी सवारी के पूर्व कंठाल चौराहे से छत्री चौक तक चौड़ीकरण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय नागरिकों के सहयोग से निगम अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
विद्युत पोल शिफ्ट नाली निर्माण पूरा
छत्री चौक- सत्यनारायण मंदिर मार्ग चौड़ीकरण में विद्युत पोल शिफ्टिंग और नाली निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। यहां ठेकेदार को ढाबा रोड़ पर रात्रिकालीन शिफ्ट में सीआरएम कर शीघ्र डीएलसी काम पूरा करने का कहा गया। कमरी मार्ग चौराहे पर नाली निर्माण के दौरान जल भराव की स्थिति मिलने पर वैकल्पिक पाइप लाइन से पानी की निकासी करने के निर्देश दिए। ठेकेदार को ढाबा रोड से सत्यनारायण मंदिर तक चूरी का उपयोग करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, एसडीएम एलएन गर्ग, अधीक्षण यंत्री आर के जैन, कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी सहायक यंत्री डी एस परिहार, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर उपयंत्री राजेंद्र रावत, एवं संबंधित कार्य के ठेकेदार कंसल्टेटग मौजूद रहे।









