न किराये पर दे रहे मकान, न चला रहे दुकानें सिंहस्थ के लिए बना रहे होम स्टे

कार्तिक चौक में ही सौ से अधिक
500 से 1000 रुपए तक कमरे का किराया
सिंहस्थ में दोगुना-तिगुना होने की उम्मीद
207 होम स्टे पंजीकृत, बाकी चल रहे बगैर अनुमति
शीतलकुमार अक्षय उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के साथ ही उज्जैन में ठहरने की सुविधाओं का दायरा तेजी से बढऩे लगा है। होटल और धर्मशालाओं के अलावा अब शहर के पुराने मोहल्लों और कॉलोनियों में होम स्टे का कारोबार रफ्तार पकड़ रहा है। खास बात यह है कि होम स्टे के लिए केवल बड़े मकान ही इस्तेमाल नहीं हो रहे, बल्कि लोगों ने अपने पुश्तैनी मकानों, किराये के घरों और यहां तक कि बंद दुकानों को भी इस कारोबार से जोडऩा शुरू कर दिया है। कोई फर्नीचर बनाने का काम बंद कर घर को होम स्टे में बदल रहा है तो किसी ने किराने की दुकान बंद कर ठहरने की सुविधा विकसित कर ली है।
एमपी टूरिज्म बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार अभी तक उज्जैन में 207 होम स्टे पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि पूरे मध्यप्रदेश में इनकी संख्या 418 है। प्रदेश में सबसे अधिक होम स्टे उज्जैन में होना इस बात का संकेत है कि सिंहस्थ को देखते हुए स्थानीय लोग पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं को समझने लगे हैं। हालांकि यह बात अलग है कि शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और सिंहस्थ को देखते हुए बगैर पंजीयन भी बड़ी संख्या में होम स्टे का संचालन हो रहा है। इनकी संख्या लगभग चार हजार से अधिक हो सकती है।
पुराने मोहल्लों से कॉलोनियों तक पहुंचा कारोबार
शहर के गुदरी चौराहा, कार्तिक चौक, सिंहपुरी, भागसीपुरा और महाकाल-हरसिद्धि क्षेत्र में होम स्टे की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इन इलाकों में कई मकान मालिकों ने घर किराये पर देने के बजाय उन्हें होम स्टे के रूप में विकसित कर लिया है। कार्तिक चौक जैसे क्षेत्र में ही सौ से अधिक होम स्टे संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा कॉलोनियों में भी लोग कारोबार से जुड़ रहे हैं। होम स्टे में सामान्य कमरे का 500 से 700 रुपए और एसी का 800 से 1000 रुपए तक रखा जा रहा है। हालांकि भीड़ और पर्व विशेष के अवसर पर यह दोगुना-तिगुना हो जाता है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए मकान मालिक अभी से अपने घरों को तैयार करने में जुटे हैं।
किसी ने दुकान बंद की तो किसी ने किराये का मकान लिया
होम स्टे कारोबार की दिलचस्प तस्वीर यह भी है कि इसमें हर तरह के लोग निवेश कर रहे हैं। किसी ने फर्नीचर का काम बंद कर दिया तो किसी ने किराने की दुकान समेटकर घर को होम स्टे में तब्दील कर लिया है। कुछ लोग अपने मकान में होम स्टे खोलकर किराये के मकान में चले गए हैं।
नियमों में राहत, अब 10 कमरों तक होम स्टे
होम स्टे को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने नियमों में राहत भी दी है। होम स्टे लाइसेंस की प्रक्रिया पहले की तुलना में सरल की गई है। कमरों की अधिकतम सीमा भी पांच से बढ़ाकर 10 कर दी है। मकान मालिक अपने घरों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ सकेंगे। पर्यटन विभाग अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और माध्यमों से भी होम स्टे को जोडऩे की कोशिश कर रहा है, ताकि पर्यटकों को इनकी उपलब्धता और सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
संचालकों की नजर सिंहस्थ पर, अभी से तैयारियां शुरू
हो म स्टे संचालक गौरव साहू का कहना है कि उज्जैन में धार्मिक पर्यटन लगातार बढ़ रहा है। सामान्य दिनों में भी श्रद्धालु और परिवार ऐसे स्थानों की तलाश में रहते हैं, जहां कम खर्च में घरेलू माहौल मिल सके। सिंहस्थ में यह मांग और बढ़ेगी, इसलिए अभी से सुविधाएं बेहतर करने पर ध्यान दिया जा रहा है। दीपक वशी के अनुसार होम स्टे का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें पर्यटकों को होटल की तुलना में कम खर्च में ठहरने की बेहतर सुविधा मिलती है। स्थानीय लोगों के लिए भी यह आय का अच्छा माध्यम बन रहा है। आने वाले समय में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुडऩे पर पर्यटकों तक पहुंच और आसान होगी।
विजय कुमार जैन का कहना है कि सिंहस्थ को देखते हुए लोगों में होम स्टे के प्रति रुचि बढ़ी है। कई लोग अपने मकानों को इसी मकसद से तैयार कर रहे हैं। हालांकि इस कारोबार में केवल कमरे उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि साफ-सफाई, सुरक्षा और अच्छी सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है। इससे उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और शहर की पर्यटन छवि भी मजबूत होगी।









