इंदौर में चलती बस बनी आग का गोला, टायर फटने से मचा हड़कंप

इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। रीवा से इंदौर आ रही जय अंबे ट्रेवल्स की बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि यह घटना शिप्रा थाने के ठीक सामने हुई। इसके चलते पुलिस और राहत टीम तुरंत एक्शन में आ गई। बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को तुरंत संभाला। इसके बाद इंदौर में जय अंबे ट्रेवल्स बस हादसा स्थल से सभी मुसाफिरों को दूसरी बस के जरिए सुरक्षित इंदौर भेजा गया। इस पूरी घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
टायर फटने से भड़की आग
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चलती बस का अचानक टायर फट गया था। इसके बाद ड्राइवर ने संतुलन बनाने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क और पहिए के बीच हुए तेज घर्षण के कारण बस के अगले हिस्से में चिंगारी उठी और आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।









