दुश्मनों को फंसाने के लिए रची हत्या की साजिश, पुलिस ने खोला राज
तकनीकी जांच में खुली सच्चाई, झूठी हत्या की कहानी का हुआ पर्दाफाश

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। इंगोरिया थाने के बलेड़ी में एक व्यक्ति ने हादसे में मृत अपने भाई के मामले को हत्या करार देते हुए अपने दुश्मनों को आरोपी बना दिया। पुलिस ने जांच की तो मामला हादसे का निकला। ऐसे में झूठी रिपोर्ट करने और गवाही देने वाले तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दो फरार हैं।

बलेड़ी के रहने वाले राहुल की गांव में ही रहने वाले भूरालाल से दुश्मनी चल रही थी। ११ जून की रात वह अपने साथी गवेज, ईश्वर, भूपेंद्र, भरत एवं सत्यनारायण के साथ भूरालाल पर हमला बोलने के लिए उसके खेत पर पहुंचा था।
वह खेत पर बनी टापरी में रहता है। राहुल और उसके साथियों को भूरालाल जब खेत पर नहीं मिला तो इन्होंने टापरी में तोडफ़ोड़ की, इसी हंगामे में टापरी के पास लगा बिजली पोल राहुल के सिर पर गिर गया और गंभीर चोट उसे लग गई। बाद में उसने दम तोड़ दिया। राहुल के भाई शिवनारायण उर्फ शिवा पिता कालू ने १२ जून को इंगोरिया पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें राहुल की मौत को हत्या बताते हुए भूरालाल, रोहित, विशाल और दीपक पर हमले का आरोप लगा दिया। शिवा ने बताया कि फरसे और लकड़ी की घातक चोट लगने से राहुल ने दम तोड़ा है।
तकनीकी सबूत से पकड़ाया मामला
पुलिस ने तकनीकी और भौतिक सबूतों का आकलन किया तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। जांच में यह पता चला कि शिवा ने रंजिश के चलते भूरालाल और उसके साथियों का नाम लिखवाया है। राहुल की मौत हादसा है ना कि हत्या। ऐसे में पुलिस ने भरत, राजेश और ईश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि भूपेंद्र एवं सत्यनारायण फरार हैं।









