मध्यप्रदेश में नौतपा के छठे दिन मौसम ने ली करवट : उज्जैन में तेज बारिश ,देवास में गिरे ओले…

उज्जैन/ भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा के छठे दिन फिर मौसम ने करवट ली है। उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, धार, मंदसौर, खंडवा समेत कई जिलों में शनिवार सुबह तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। देवास में ओले भी गिरे। तेज बारिश से सडक़ों पर पानी भर गया। वहीं तापमान में कमी आने से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से भी लोगों को राहत मिली।
ओले गिरने के साथ तेज आंधी
मौसम विभाग की मानें तो 3 दिन, यानी 31 मई और 1-2 जून को प्रदेश में कहीं ओले गिरेंगे तो कहीं तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। 31 मई को अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 1-2 जून को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।
नौतपा के पहले दिन से बढ़ी भीषण गर्मी
25 मई से नौतपा की शुरुआत हुई थी। पहले ही दिन से प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। हालांकि 18 मई से ही खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म बने हुए हैं। इस अवधि में यहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 47 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई को भी कुछ जिलों में नौतपा तपेगा, लेकिन इसके बाद अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
सात दिन बाद केरलम पहुंचेगा मानसून
देश में मानसून की एंट्री लेट हो गई है। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीलंका के ऊपर कम दबाव वाली तूफानी हवाओं के चलते मानसून केरलम तट से 30-35 किमी दूर 5 दिन से अटका है और अगले 2-3 दिन इसके आगे बढऩे के आसार नहीं हैं। केरलम के तट पर मानसून पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है। इससे पहले मौसम विभाग ने 26 मई तक ही मानसून आने का अनुमान जताया था। ताजा अनुमान के मुताबिक अब यह 7 दिन बाद केरल तट पर पहुंचेगा। यानी, पिछले अनुमान से मानसून करीब 10 दिन बाद देश में एंट्री करेगा।
यूपी-बिहार में आंधी-बारिश से 48 मौतें
देश में गर्मी के बीच 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है। पटना में बारिश के चलते 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं, जबकि 18 फ्लाइट लेट रहीं। इससे करीब 500 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आज प्रदेश के 25 जिलों में बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई है। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इससे इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाडिय़ां बह गईं। आज भी सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में शनिवार को 30 जिलों में आंधी के साथ ओले गिर सकते हैं।









