Popup Image
Advertisement

5 व्यवसायी बने साइबर ठगों का निशाना, उज्जैन में लाखों की ऑनलाइन धोखाधड़ी

फल का ठेला लगाने वाले को भी नहीं छोड़ा, खाते से 29 हजार रुपए निकाल लिए

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ऑन लाइन फ्रॉड करने वालों ने उज्जैन के पांच व्यवसायियों से 5.76 लाख रुपए ठग लिए। ठगी के लिए किसी को एपीके फाइल तो किसी को लिंक भेजी जिसे क्लिक करने के बाद खाता खाली हो गया। खाराकुआं थाना में 3 और चिमनगंज मंडी थाने में 2 प्रकरण दर्ज हुए हैं।

पुलिस के अनुसार ऑनलाइन फ्रॉड की घटना पटवा बाखल पटनी बाजार निवासी अदित्य कसेरा, इब्राहिमपुरा बाखल निवासी शुजाउद्दीन अली, भार्गव मार्ग धोबी गली निवासी रिजवान शेख ने खाराकुआं थाने में दर्ज कराई है। ईदगाह रोड श्रीवीर नगर निवासी विष्णुसिंह पंवार तथा महालक्ष्मी विहार कॉलोनी निवासी नीरज साहू ने चिमनगंज थाने में एफआईआर कराई है। आदित्य कसेरा के खाते से 97,600 रुपए, शुजाउद्दीन अली के खाते से 85 हजार रुपए, रिजवान शेख के खाते से 28,977 रुपए, विष्णुसिंह पंवार के खाते से 2 लाख 25 हजार रुपए तथा नीरज साहू के क्रेडिट कार्ड से 1,39,907 रुपए गए हैं।

Advertisement

ऑन लाइन सामान मंगवाया था, कस्टमर केयर के नाम से फोन करने वाले ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की

आदित्य कसेरा के खाते से आरोपी ने 97,600 रुपए निकाल लिए। दवा बाजार में काम करने वाले कसेरा बरतन रेक भी बेचते हैं। उन्होंने बताया घर के डेकोरेशन का सामान जोधपुर से ऑनलाइन मंगवाया था। 22 दिन तक सामान नहीं मिला तो कस्टमार सर्विस पर इंक्वायरी की। उन्होंने बताया कि सामान तो काफी पहले डिस्पेच हो गया है। थोड़ी देर बाद कस्टमर केयर सर्विस के नाम पर किसी ने फोन किया और बताया सामान बीच में रुक गया है। वापस मंगवाने के लिए पांच रुपए शुल्क ऑनलाइन जमा करवाने का कहा। पांच रुपए जमा करवा दिए। उस दिन कुछ नहीं हुआ। अगले दिन हेयर सेलून पर ऑनलाइन भुगतान किया और थोड़ी देर बाद मैसेज आया कि खाते से 97,600 रुपए निकल गए है। तब उन्हें ठगी का पता चला।

Advertisement

फल कारोबारी से केवायसी के नाम पर की धोखाधड़ी

भार्गव मार्ग धोबी गली निवासी रिजवान शेख फल का ठेला लगाते हैं। उन्होंने बताया 21 सितंबर को वे अपना मोबाइल फोन घर पर भूल गए थे। बैंक खाते की केवायसी करने के लिए मोबाइल पर फोन आया तो पत्नी ने मना कर दिया। इसके बाद करीब 20 बार फोन आया और भेजी गई लिंक पर क्लिक कर केवायसी नहीं करवाने पर खाता बंद कर रुपए जब्त होने की बात कही। पत्नी ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया तो एक ओटीपी आया। फोन करने वाले ने ओटीपी पूछा और यूको बैंक खाते से 28977 रुपए निकाल लिए।

एप डाउनलोड किया तो मोबाइल हैंग हो गया, रुपए निकल गए
इब्राहिमपुरा बाखल निवासी शुजाउद्दीन पिता मोहसिन अली ने बताया उनका प्रिंटिंग प्रेस का काम है। 21 सितंबर को उन्होंने एप डाउन लोड किया था। एप डाउनलोड कर रहे थे तभी मोबाइल फोन हैंग हो गया और थोड़ी देर बाद ठीक भी हो गया। जब मोबाइल हैंग हुआ था उसी दौरान बैंक के खाते से ऑनलाइन 85 हजार रुपए निकाल लिए। रुपए निकलने पर बैंक से कोई मैसेज नहीं आया। आवश्यकता होने पर मोबाइल से खाते का बैलेंस चैक किया तो 85 हजार रुपए कम थे। फ्रॉड करने वाले ने पूरा खाता खाली नहीं किया।

इनके साथ भी हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी
श्रीवीर नगर निवासी विष्णुसिंह पंवार तथा महालक्ष्मी विहार कालोनी निवासी नीरज साहू के साथ भी ऑनलाइन फ्रॉड हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड करवाई और परमार के खाते से 2 लाख 25 हजार रुपए निकाल लिए। इसी तरह महालक्ष्मी विहार कॉलोनी निवासी नीरज पिता दिनेश साहू के क्रेडिंट कार्ड से 1,39,907 रुपए निकाल लिए।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें