बिना पहचान पत्र ठहरा युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

उज्जैन। खाराकुआं पुलिस ने होटल श्री गोपाला से एक युवक को हिरासत में लिया है। वह बगैर किसी वैध पहचान पत्र और एंट्री के होटल में ठहरा था। वह एक युवती के साथ आया हुआ था। युवक की पहचान मोहम्मद अनीस (निवासी रायगढ़, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है, वह रायगढ़ की ही युवती के साथ होटल में रुका हुआ था।
गंभीर बात यह है कि होटल प्रबंधन ने ना तो युवक से कोई पहचान पत्र लिया और ना ही रजिस्टर में एंट्री की थी। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह देवड़ा ने बताया कि मामला संवेदनशील होने पर युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। होटल प्रबंधन की लापरवाही और संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
जमीन के लिए बुजुर्ग पिता को पीटा
उज्जैन। जमीन के लिए अपने बुजुर्ग पिता को पीटने का मामला सामने आया है। चरक अस्पताल में इलाज करा रहे घायल पिता सरदार पिता मांगीलाल बोड़ाना (६०) निवासी तालौद (चिंतामन) ने बताया कि गुरुवार रात को उसका बेटा जीवन अपने दोस्त दरियाव सिंह के साथ घर आया और पैतृक ढाई बीघा जमीन से हिस्सा मांगने लगा। मना करने पर उसने लाठी से हमला कर दिया जिससे सरदार के सिर में घातक चोट आई है। चिंतामन पुलिस ने मामला कायम किया है।
कपड़े सुखा रहे बुजुर्ग को करंट लगा, मौत
उज्जैन। शुक्रवार सुबह कपड़े सुखा रहे बुजुर्ग को करंट लगने से मौत हो गई। मृतक रणछोड़ पिता शंकरलाल परिहार (६०) निवासी आनंद नगर सांवेर रोड शुक्रवार सुबह नहाने के बाद गीले कपड़े घर के बाहर लगे तार पर सुखाने पहुंचा। वह तार चद्दर से बंधा था और सुबह बारिश होने के कारण उसमें करंट फैल गया था। कपड़े डालते ही रणछोड़ भी करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पारिवारिक विवाद में किशोरी को चोट लगी
उज्जैन। गुरुवार रात को जेवरानी-जेठानी के विवाद में जेठानी की १७ वर्षीय बेटी घायल हो गई। चरक अस्पताल में उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है। घायल सौम्या पिता जुगेश निवासी दुर्गापुरा नागदा ने बताया कि गुरुवार शाम को चाची रीना पति गजेंद्र और उसकी मां सुधाबाई में विवाद हो रहा था। इस दौरान चाची रीना ने डंडे से उस पर वार कर दिया था। जिससे उसे चोट लग गई। फिलहाल उसका इलाज जारी है।








