Popup Image
Advertisement

रोप-वे अचानक रुका, हवा में फंसे यात्री, एनडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

अक्षरविश्व न्यूज देवास। माता टेकरी स्थित रोप-वे में अचानक तकनीकी खराबी आने और यात्रियों के हवा में फंसने की स्थिति बने तो बचाव दल किस तरह तत्काल मोर्चा संभालेगा, इसका बुधवार को एनडीआरएफ ने लाइव अभ्यास किया। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल में रोप-वे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इस दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों ने संयुक्त रूप से राहत-बचाव कार्य किया।

Advertisement

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग और त्वरित राहत-बचाव की तैयारियों को परखना रहा। अभ्यास के दौरान रोप-वे के अचानक बंद होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षा उपायों के साथ रोप-वे में फंसे व्यक्तियों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

सीपीआर से लेकर प्राथमिक उपचार तक समझाया
मॉक ड्रिल के साथ एनडीआरएफ टीम ने सिविल डिफेंस सदस्यों और आपदा मित्रों को सीपीआर, फस्र्ट एड और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया। घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने और उपलब्ध संसाधनों से तत्काल राहत-बचाव कार्य करने की तकनीक भी समझाई गई। आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सीमित संसाधनों में प्रभावी रेस्क्यू करने के तरीकों की जानकारी दी गई।

Advertisement

नियमित अभ्यास से कम होगी जनहानि
मॉक ड्रिल का अवलोकन करते हुए अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी ने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण से सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों को आपदा प्रबंधन के जरूरी कौशल मिलते हैं। वास्तविक आपात स्थिति में ये प्रशासन के महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित मॉक ड्रिल से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनता है और आपदा के समय कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई कर जनहानि को न्यूनतम किया जा सकता है। मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट कुलदीप सिंह, होमगार्ड कमांडेंट राजेश जैन, एनडीआरएफ कंपनी कमांडर मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बचाव दल के सदस्य मौजूद रहे।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें