बदनावर से करने आया था जहरीली शराब की डिलीवरी, तस्कर पकड़ाया

10 लीटर अवैध जहरीली शराब और स्कूटर जब्त, जेल भेजा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बदनावर से जहरीली शराब की डिलीवरी करने आए तस्कर को बडऩगर पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है। उसके पास से 10 लीटर अवैध जहरीली शराब और स्कूटर जब्त किया है।
दरअसल, नशे के सौदगारों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में पुलिस ने अभियान चला रखा है। इसी के तहत कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर ने बडऩगर पुलिस को सूचना दी कि गुलाबपुरा कॉलोनी रोड पर रेलवे ब्रिज के नीच एक शख्स स्कूटी पर प्लास्टिक की केन में कच्ची महुए की शराब लेकर खड़ा है। इसके बाद टीम फौरन मौके पर पहुंची और घेराबंदी बताए गए संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन पिता राजेश मेवाड़ा (25) निवासी इंद्रा कॉलोनी, बदनावर चौपाटी, धार का होना बताया। तलाशी में पुलिस टीम को स्कूटी के बीच में प्लास्टिक की केन रखी मिली जिसे खोलकर चैक किया तो उसमें करीब १० लीटर कच्ची महुआ जहरीली शराब भरी थी। इसके बाद शराब और स्कूटर को जब्त करते हुए आरोपी अर्जुन मेवाड़ा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
इधर, रिमांड पूरा होने के बाद जेल भेजा
इधर, एक दिन की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद बडऩगर पुलिस ने धार के कानवन थाना क्षेत्र से देशी प्लेन शराब की ६ पेटी बेचने आए तस्कर रघु पिता मोहनलाल जायसवाल (२४) निवासी कुनगारा को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया। टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कानवन से ही शराब लाने की जानकारी दी। उसके खिलाफ बडऩगर थाने में ७ प्रकरण दर्ज हैं जिसमें से ६ अवैध शराब परिवहन और १ मारपीट का केस है।









