IET हॉस्टल में छात्रों का हंगामा: अर्धनग्न डांस और तोड़फोड़ पर यूनिवर्सिटी सख्त, 25 हजार जुर्माने की तैयारी

इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के IET हॉस्टल में छात्रों द्वारा किए गए हंगामे के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। अर्धनग्न होकर गानों पर डांस करने और हॉस्टल में तोड़फोड़ से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद रविवार शाम अनुशासन समिति की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में संबंधित छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की गई है। अंतिम फैसला कुलगुरु प्रोफेसर राकेश सिंघई की मंजूरी के बाद लिया जाएगा।
IET के निदेशक डॉ. प्रतोष बंसल के अनुसार, वीडियो वायरल होने से पहले ही हॉस्टल समिति ने मामले को गंभीरता से लिया था। इसके बाद आयोजित अनुशासन समिति की बैठक में सुझाव दिया गया कि हंगामा करने वाले छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित किया जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक उनकी अंतिम परीक्षा और रिजल्ट पर रोक लगाने की भी अनुशंसा की गई है। प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना रामानुज छात्रावास बी में हुई, जहां उस समय करीब 150 छात्र मौजूद थे। प्रशासन अब वायरल फोटो और वीडियो की मदद से छात्रों की पहचान करने में जुटा है। विश्वविद्यालय ने संबंधित छात्रों के अभिभावकों को भी बुलाने का निर्णय लिया है।
घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हॉस्टल के वार्डन और सीनियर वार्डन को मामले की जांच कर जिम्मेदार छात्रों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रबंधन को आशंका है कि कुछ छात्र नशे की हालत में थे। हालांकि संस्थान में नशे के खिलाफ पहले से ही सख्त नियम लागू हैं।









