कार्तिक मेले के कवि सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ सुरेंद्र शर्मा और अहसान कुरैशी ने बांधा समां
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम ने कार्तिक मेला मंच पर रविवार रात को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया। जिसे सुनने के लिए काफी संख्या में शहरवासी पहुंचे। देर रात करीब 1 बजे तक कवि सम्मेलन पूरे शवाब था। कड़कड़ाती ठंड में भी लोग सम्मेलन का आनंद ले रहे थे।

शाम 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में देश भर से आए कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हास्य के महारथी सुरेंद्र शर्मा और लाफ्टर किंग अहसान कुरैशी रहे। इन दोनों दिग्गजों के व्यंग्य और हास्य-वाणियों पर पूरे पंडाल में लगातार ठहाकों की गूंज सुनाई देती रही।
संयोजक सुरेंद्र मेहर ने बताया कि मंच पर प्रमुख कवियों के अलावा अन्य चर्चित कवियों ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। सम्मेलन में सुमन दुबे (लखनऊ), मुन्ना बैटरी (मंदसौर), राम भदावर (भिंड), गौरव चौहान (इटावा), दिनेश देसी घी (बेरछा), प्रीति पांडेय (प्रयागराज), मारूति नंदन (जयपुर), सुरेन्द्र सर्किट (उज्जैन) ने दर्शकों को बांधे रखा।
ठंडी रात में भी सुबह 4 बजे तक सजी शायरी की महफिल, 19 शायरों ने पेश किए कलाम
कार्तिक मेला में शनिवार रात अभा मुशायरा एक यादगार महफिल बन गया। पीछे-पीछे मां की दुआएं, हर दम आगे बढ़ता मैं जैसी दिल छू लेने वाली पंक्तियों के साथ शुरू हुए इस मुशायरे में देशभर से आए मशहूर शायरों ने शेर, गीत और गजलों की ऐसी बरसात की कि ठंडी हवा भी श्रोताओं के जोश को कम न कर सकी और महफिल सुबह 4 बजे तक चलती रही।
मुशायरे में कुल 19 प्रख्यात शायरों ने अपना बेहतरीन कलाम पेश किया। मंच पर आते ही महफिल का रंग बदलने वाले लोकप्रिय शायरों में शहजादा गुलरेज (रामपुर), हसन फतेहपुरी (दिल्ली), शकील आजमी (मुंबई) प्रमुख थे। इनके अलावा, अपनी गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करने वालों में अज्म शाकीरी (एटा), हामिद भुसावली (भुसावल), आदिल रशीद (दिल्ली), विजय तिवारी (भोपाल) और अतुल अजनबी (ग्वालियर) प्रमुख थे।
अन्य शायरों में अल्ताफ जिया (मालेगांव), नदीम शाद (देवबंद), अल्तमश अब्बास (रूड़की), सतलज राहत (इंदौर), निकहत अमरोही (अमरोहा), नम्रता श्रीवास्तव (भोपाल), पपलु लखनवी (लखनऊ), गुलरेज अली (देवास) और मेहताब आलम (भोपाल) ने भी अपने खास अंदाज से रात को यादगार बनाया। संचालन नदीम फारुख ने किया। उज्जैन के शायर शान अहमद शान को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नेता प्रतिपक्ष रवि राय, समिति संयोजक नजमा बी फिरोज पठान, सहसंयोजक नाजिया सादिक कुरैशी, पार्षद इमरान खान, अनवर नागोरी, नोडल अधिकारी मनोज मौर्य और सहायक आयुक्त रविकांत मगरदे अतिथि थे।शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी और पूर्व पार्षद सलीम कबाड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।









