सीएम ने दिलाई शपथ, भारत को हम सब मिलकर दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बनाएंगे

सीएम इन उज्जैन : चार घंटे से ज्यादा समय तक शहर में रहे सीएम, शोक जताया, फिर रैली में हुए शामिल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। करीब चार घंटे से ज्यादा समय के लिए शहर आए सीएम डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को तेजी से अपने कार्यक्रम निपटाए। वे शोक जताने पहुंचे और फिर सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए। पहले उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी का एलईडी स्क्रीन पर भाषण सुना फिर अपना संबोधन दिया। सीएम ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली है कि हमें पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने का मौका मिला है। वे भारत को दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बनाना चाहते हैं और आज हम सब इसकी शपथ लेंगे। सीएम ने मंच से उपस्थितों को भारत को दुनिया का सबसे महान राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई। शपथ के बाद सेवा ज्योति यात्रा की मशाल जलाई गई।

दरअसल, सीएम का उज्जैन दौरा मंगलवार रात अचानक तय हुआ था। इसकी दो वजह थी। पहला आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार का निधन और दूसरा सेवा संकल्प अभियान के तहत निकलने वाली सेवा ज्योति यात्रा। यात्रा का शुभारंभ कार्यक्रम दशहरा मैदान स्थित आस्था गार्डन में था। यहां सुबह करीब 10.30 बजे सीएम पहुंचे। उन्होंने एलईडी पर पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। फिर शहर के प्रबुद्धजन का सम्मान किया। सम्मान के बाद उन्होंने माइक संभाला और छोटा सा भाषण देते हुए उपस्थितजनों को शपथ दिलाई। सीएम ने कहा कि चार साल पहले तक उज्जैन में सिर्फ 60 लाख श्रद्धालु सालाना आते थे। महाकाल महालोक बनने के बाद यह संख्या 8 करोड़ सालाना पहुंच गई है। इस साल यह आंकड़ा और बढ़ेगा।

आस्था गार्डन से निकली रैली, धूप लगी तो हांफे
सीएम के संबोधन के बाद आस्था गार्डन से भाजपा नेताओं की रैली शुरू हुई। मशाल जलाकर रैली को रवाना किया गया। प्रदेश के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, डॉ. तेजबहादुरङ्क्षसह चौहान, जितेंद्र पंडया, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ इसमें शामिल हुए। हालांकि दोपहर करीब 11.45 बजे शुरू हुई रैली के दौरान धूप एकाएक तेज हो गई। ऐसे में कई की सांसें फूलने लगीं। रैली पुलिस कंट्रोलरूम, सांदीपनि चौराहा होते हुए शहीद पार्क पहुंची।

75 वर्षीय आरएसएस प्रचारक विनोद कुमार पंचतत्व में विलीन
उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार (75) बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके अंतिम दर्शन के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव, नगरीय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक, अनिल जैन कालूहेड़ा, डॉ. चिंतामणि मालवीय, सतीश मालवीय सहित आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक दीपक विस्पुते,पराग अभ्यंकर, माखनसिंह सहित कई प्रमुखजन पहुंचे।

मूलत: यूपी के मेरठ के रहने वाले विनोद कुमार छात्र जीवन में संघ से जुड़े थे। पूर्णकालिक प्रचारक बनने के बाद वह संघ में कई पदों पर रहे। फिलहाल वे आराधना कार्यालय में रह रहे थे। यहीं मंगलवार को न्होंने अंतिम सांस ली थी। चक्रतीर्थ पर अंतिम संस्कार किया गया।









