एक कॉलोनाइजर के गायब होने से बड़े कारोबारियों और निवेशकों के होश उड़े

कई लोगों से ब्याज पर ले रखी है बड़ी रकम

सिंधी कॉलोनी स्थित ऑफिस पर ताला लगा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के एक सिंधी समाज के कॉलोनाइजर के अचानक गायब होने से शहर के व्यापारियों, निवेशकों और प्रॉपर्टी डीलरों की सांसें अटक गई हैं। एक दूसरे को फोन घनघनाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने तो कॉलोनाइजर के सिंधी कॉलोनी स्थित कार्यालय जाकर वास्तविकता का पता लगाने की कोशिश भी की। जब वहां ताला लगा देखा तब चेहरे लटक गए। बताया जाता है कि यह कॉलोनाइजर सिंधी कॉलोनी में चर्चित रहा है।
कई कार्यक्रमों में देखा गया है। उसने कई लोगों से ब्याज पर बड़ी रकम ले रखी है। कई लोगों से कहा है कि कॉलोनी में निवेश करने से उन्हें बड़ा लाभ होगा। लाभ के सपने देखने वाले अब अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहे हैं। बताया जाता है कि वह परिवार सहित गायब हुआ है। कहां गया है, कब गया है इसकी किसी को जानकारी नहीं है। हां इतना जरूर बताया जा रहा है कि कॉलोनी काटने के खेल में वह करोड़ों का कर्जदार हो गया था। उसकी योजनाएं विफल हो गर्ई और वह कर्ज के रसातल में डूबता गया।
करीब 100 करोड़ रुपए का कर्जदार है
उसकी कॉलोनी में निवेश करने वाले शहर के कई बड़े कारोबारी हैं। फिलहाल, कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं है। सूत्रों से पता चला है कि पहले वह मकान, जमीन और दुकानें कमीशन पर बेचने का काम करता था। एक रिश्तेदार की सलाह पर उसने कॉलोनाइजिंग के क्षेत्र में कदम रखा और करीब सौ करोड़ का कर्जदार हो गया। फिलहाल किसी कर्जदार ने उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत नहीं की है।









