सिंहस्थ क्षेत्र के आश्रमधारी संतों ने संभागायुक्त आशीष सिंह से की मुलाकात, सम्मान कर बताई अपनी परेशानी

संतों ने कहा- आश्रम पर कार्रवाई ना करें यह राष्ट्र की संपत्ति का नुकसान
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सिंहस्थ क्षेत्र में आश्रम-मठ पर हो रही कार्रवाई पर संत-महंत ने शुक्रवार को संभागायुक्त के सामने चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि बगैर चर्चा के इस तरह आश्रम तोड़ा जाना ठीक नहीं है। साधु-संतों का दिल अगर दुखाएंगे तो फिर सिंहस्थ कैसे होगा। किसी भी कार्रवाई से पहले एक बार बात कर लें। क्योंकि ढहानेसे होने वाला नुकसान राष्ट्र की संपत्ति का है। यह संपत्ति सनातनियों की, सनातनियों के लिए है।
दरअसल, सिंहस्थ क्षेत्र में हाल ही में हुए बड़े निर्माण पर प्रशासन ने एक महीने में कई बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई की जद में साधु-संतों के निर्माण भी आए हैं। इसे लेकर संत समाज भयभीत हैं। शुक्रवार को महामंडलेेश्वर शांतिस्वरूपानंद जी, प्रेमानंद पुरी, विजयानंद पुरी, ज्योतिगिरी, शैलेषानंद गिरी, भागवतानंद (भगवान बापू) कमिश्नर आशीष सिंह से मिलने पहुंचे थे। इन्होंने दिवाली के उपलक्ष्य में कमिश्नर आशीषसिंह का सम्मान किया और फिर अपनी बात रखी। करीब एक घंटे चली मीटिंग में संतों ने मजबूती से अपनी बात रखी।
किन मुद्दों पर हुई बात
सिंहस्थ से पहले साधु-संतों के आश्रम तोडक़र दिल नहीं दु:खाना चाहिए। अगर कोई कार्रवाई करनी है तो एक बार चर्चा कर लें।
मठ-आश्रम में होने वाला नुकसान देश का नुकसान है। निर्माण श्रद्धालुओं की मदद से होता है। उनकी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए।
साधु-संतों ने कहा कि अगर आपको लगता है कि सिंहस्थ क्षेत्र में कोई आश्रम-मठ, मंदिर बाधा बन रहा है तो हम लोगों को पूरा क्षेत्र घूमा दीजिए। बता दीजिए, हम संबंधित से बात करेंगे और मसला सुलझाएंगे।
संतों ने कहा कि वे किसी भी अखाड़े से अलग नहीं हैं। सब हमारे साथ हैं और हम उनके साथ है। बस हम अपनी बात रखने आए थे।
हमने अपनी बात रखी है
पिछले दिनों सिंहस्थ क्षेत्र में हुई तोडफ़ोड़ की कार्रवाई से साधु-संत भयभीत थे। ऐसे में मेलाधिकारी और संभागायुक्त से मुलाकात की थी। उनसे कहा है कि आप हमें सिंहस्थ क्षेत्र में हुए ऐसे निर्माण बता दें, जो वैध नहीं हैं। इनको तोडऩे के बजाय सिंहस्थ में इन जगहों पर कार्यालय, रेस्टरूम बना लीजिए। हम सहर्ष जगह देने को तैयार हैं। फिर तोडफ़ोड़ क्यों की जाए। कमिश्नर से ऐसे निर्माण की सूची देने का कहा है। उनसे मेला क्षेत्र घूमाने पर भी बात हुई है।-शांतिस्वरूपानंद जी गिरी, महामंडलेश्वर
साधु-संतों से सार्थक चर्चा हुई है
साधु-संत दिवाली मिलने आए थे। उन्होंने सिंहस्थ को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। वे आयोजन केा लेकर उत्साहित हैं। सार्थक चर्चा हुई है। सिंहस्थ को कामों पर उन्होंने प्रसन्नता जताई है।-आशीष सिंह,मेलाअधिकारी और संभागायुक्त









