रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सामान चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। रेलवे स्टेशनों पर चोरी करने के आरोप में जीआरपी ने शाजापुर और इंदौर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने उज्जैन प्लेटफार्म से दो यात्रियों का मोबाइल फोन, नगदी और आभूषण सामान चुराए थे। आरोपियों के पास से चोरी का सामान जब्त हुआ है।
जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने बताया रेल यात्री रमेश जायसवाल का मोबाइल फोन उज्जैन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से तथा महिला यात्री रामकन्या का बैग पार्सल बुकिंग विंडो से अज्ञात बदमाशों ने चुरा लिया था। मोबाइल फोन की कीमत 17 हजार रुपए थी और महिला के बैग में सोने का मंगलसूत्र और 7 हजार रुपए नगदी सहित करीब 21 हजार रुपए कीमत का सामान था।
दोनों घटनाओं पर जीआरपी ने गुरुवार को प्रकरण दर्ज किया था। आरोपियों की तलाश के लिए जीआरपी और आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज देखे और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिलने पर आरोपी तेजकरण पिता लालजीराम (42) निवासी पटवारी कालोनी, शाजापुर और जितेन्द्र उर्फ राजा पिता बद्रीलाल विश्वकर्मा (38) निवासी ग्राम बरलाई क्षिप्राखेडा इंदौर को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।









