गेल के पीछे से नीलगंगा चौराहे तक का काम धीमा, निगमायुक्त ने लगाई ५ लाख की पैनल्टी

भोपाल की योगेश इंटरप्राइजेस चौड़ी कर रही है सड़क
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मानसून की आहट ने प्रशासन में घबराहट पैदा कर दी है। शहर में चल रहे चौड़ीकरण काम की स्पीड ने प्रशासन का मूड ऑफ कर दिया है। नानाखेड़ा में गेल के पीछे से नीलगंगा चौराहे तक चल रहे चौड़ीकरण की धीमी गति से खफा निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने निर्माणकर्ता फर्म योगेश इंटरप्राइजेस पर 5 लाख रुपए की पैनल्टी लगा दी। दरअसल, शहरी क्षेत्र में चौड़ीकरण का बड़ा काम नगर निगम के पास है।
बारिश का सीजन करीब है। अमूमन 15 जून के आसपास मानसून शहर में दस्तक दे देता है। इस बार भी मानसून के जून में ही आने की उम्मीद जताई जा रही है। पूरा शहर चौड़ीकरण के नाम पर खुला हुआ है। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा काम की गति तेज चाहते हैं। उन्होंने रात में जब मार्ग का मुआयना किया तो पाया कि काम की गति धीमी है। रात की शिफ्ट में काम नहीं चल रहा है। ३० करोड़ रुपए लागत वाले 2.7 किलोमीटर लंबे मार्ग में नाली बनाने की गति बेहद धीमी है। अभी तक 2300 मीटर लंबाई की नाली में से सिर्फ ९०० मीटर लंबी नाली ही बनी है। ऐसे में नाराज आयुक्त ने 5 लाख रुपए की पैनल्टी लगा दी।
काम में यहां क्या हो रही दिक्कत
गेल-नीलगंगा चौराहा मार्ग पर अतिक्रमण है। यह अभी हटाया नहीं जा सका है। इस वजह से ठेकेदार को नाली बनाने में दिक्कत आ रही है।
ठेकेदार की काम खत्म करने की डेडलाइन 27 नवंबर 2027 है। इस मुताबिक ही वह काम कर रहा है।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए
पोल शिफ्टिंग, डीएलसी कार्य तत्काल करें।
200 मीटर में कास्टिंग और शटरिंग कर नाली निर्माण तेजी से पूरा करें।
मंदिर हटाने, पोल शिफ्टिंग, पाइप लाइन डालने और टूटे भवनों का मलबा तत्काल उठाएं।









