घर में घुसकर किया था दुष्कर्म, आरोपी पकड़ाया

कोर्ट में पेश कर जेल भेजा

उज्जैन। घर में घुसकर युवती के साथ दुष्कर्म कर फरार हुए आरोपी को चिंतामण थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद रविवार को जेल भेज दिया गया।
दरअसल, शनिवार को फरियादिया अपनी मां के साथ थाने पहुंची थी। उसने दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि वह घरेलू काम करती है। उसके माता-पिता एवं भाई हर रोज सुबह मजदूरी पर चले जाते हैं जिसके कारण वह अधिकांश समय घर पर अकेली रहती है। करीब 4 माह पहले दोपहर में जब वह घर पर अकेली थी, उसी दौरान अमन पिता संजू चौहान उसके घर आया और जबर्दस्ती करते हुए दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे धमकाया कि उसने किसी को भी इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा। डर के कारण फरियादिया चुप रही। 17 अप्रैल को उसे पेट में दर्द हुआ तो उसने अपनी मां को घटना बताई। जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज जांच शुरू की।
ग्राम चांदमुख से पकड़ाया: चिंतामण थाने के एसओ हेमराज यादव ने बताया आरोपी अमन चौहान की धरपकड़ के लिए विशेष टीम बनाई गई जिसने संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी ग्राम चांदमुख में है जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अमन चौहान (25) निवासी चांदमुख को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।









