अब महापौर 10 करोड़ रु. तक के काम कर सकेंगे मंजूर

By AV NEWS

20 करोड़ से ज्यादा लागत के प्रोजेक्ट निगम परिषद से होंगे मंजूर

गजट नोटिफिकेशन जारी, जल्द हो सकेंगे निर्माण कार्य

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन शहर में बड़े प्रोजेक्ट जल्द आकार ले सकेंगे। महापौर को 10 करोड़ रुपए तक के निर्माण कार्यों की मंजूरी विधिवत मिलने से यह उम्मीद जागी है। 20 करोड़ से अधिक लागत के प्रोजेक्ट निगम परिषद में पेश करना होंगे। इस सिलसिले में गजट नोटिफिकेशन जारी हो गया है।

राज्य सरकार के फैसले से उज्जैन में भी विकास के काम तेजी से आगे बढऩे की संभावना बढ़ गई है। सरकार के फैसले के तहत राज्यपाल के उपसचिव आरके कार्तिकेय ने विधिवत गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें निगम आयुक्त को 5 करोड़ रुपए तक के निर्माण कार्य मंजूर करने का अधिकार दिया गया है।

महापौर को 5 से 10 करोड़ रुपए तक के प्रोजेक्ट मंजूर करने के अधिकार दिए गए हैं। यह भी साफ किया गया है कि 10 करोड़ से अधिक राशि का काम वे मंजूर नहीं कर सकेंगे। 10 से 20 करोड़ रुपए तक के कार्य एमआईसी द्वारा मंजूर किए जाएंगे। इसी तरह नगर पालिकाओं के लिए भी मंजूरी दी गई है। सीएमओ 5 लाख तक, अध्यक्ष 5 से 10 लाख रुपए तक और नगर पालिका परिषद द्वारा 40 से 5 करोड़ रुपए तक के निर्माण कार्य मंजूर किए जा सकेंगे।

Share This Article