नाबालिग का अपहरण कर रातभर बेल्ट से पीटा

ग्वालियर। ग्वालियर में दबंगों की गुंडागर्दी का एक दहशत फैला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 16 साल के नाबालिग किशोर को रास्ते से उठाकर बंधक बनाया गया। रातभर कट्टे के बट, बेल्ट, व लोहे के पाइप से बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने किशोर पर कट्टे से गोली भी चलाई, लेकिन वह झुक गया जिससे उसकी जान बच गई। मामला दोस्तों के बीच हुए आपसी विवाद में पक्ष लेने से जुड़ा है। नाबालिग का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने दोस्त का पक्ष लिया था।

नाबालिग को जातिगत गालियां दी गईं। घटना 1 मई की रात 10.30 बजे से 2 मई की सुबह 10 बजे के बीच डीडी नगर गेट नंबर-एक से लेकर नारायण विहार की है।
घायल छात्र की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार देर रात मामला दर्ज किया है। महाराजपुरा थाना पुलिस का कहा है कि मामला दर्ज कर लिया है। अभी सभी आरोपी फरार हैं, जिनको जल्द पकड़ लिया जाएगा।









