मुख्यमंत्री यादव ने संकल्प पत्र 2023 के क्रियान्वयन को लेकर दिए निर्देश

संकल्प पत्र की घोषणाओं को पूरा करने का काम मिशन मोड में करें
अक्षरविश्व न्यूज. भोपाल:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को साकार कर जनता की जिंदगी बदलना ही सरकार का लक्ष्य है। विकास और जनकल्याण के लक्ष्य को संकल्प पत्र 2023 के अनुरूप धरातल पर उतारना है। सभी विभाग संकल्प पत्र के सभी वादों, संकल्पों और घोषणाओं की पूर्ति का काम मिशन मोड में आरंभ कर समय सीमा में लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें।
यह निर्देश मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नवगठित सरकार के संकल्प पत्र के क्रियान्वयन को लेकर मंत्रालय में आयोजित बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि सभी गतिविधियों का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण में किया जाए। सरकार के लिए सुशासन सर्वोपरि है। जिन संकल्पों का संबंध एक से अधिक विभागों से है, उनके संबंध में दोनों विभाग आपसी तालमेल से करें।
जिन संकल्पों के क्रियान्वयन के संबंध में किसी प्रकार का नया नीतिगत निर्णय लेने की आवश्यकता न हो, ऐसे प्रकरणों में सक्षम अनुमोदन लेकर तत्काल आदेश जारी किए जाएं। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि जिन संकल्पों के क्रियान्वयन में पृथक से बजट प्रावधान की आवश्यकता हो, उस संबंध में तत्काल वित्त विभाग से चर्चा कर आवश्यक बजट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कठिनाई आने पर मुख्य सचिव से तत्काल समन्वय सुनिश्चित करें। जिन संकल्पों के क्रियान्वयन में नीतिगत निर्णय लेने की आवश्यकता हो या विद्यमान प्रक्रिया में कोई संशोधन किया जाना हो, ऐसे प्रकरणों को शीघ्र ही कैबिनेट के समक्ष स्वीकृति के लिए लाया जाए।
मुख्य सचिव करेंगे मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संकल्प पत्र 2023 की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग मुख्य सचिव स्तर पर की जाएगी। इसके लिए पृथक पोर्टल भी बनाया जाए और जानकारी की ऑनलाइन फीडिंग, मॉनिटरिंग व रिपोर्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रदेशवासियों को दी गई गारंटियां शामिल हैं। सभी विभाग प्रमुख इनके क्रियान्वयन को गंभीरता से लेते हुए रोडमैप तैयार कर समय सीमा में लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
ये दस भाग हैं संकल्प पत्र में
संकल्प पत्र 2023 के दस भाग हैं। इनमें सशक्त नारी, समृद्ध किसान, जनजातीय कल्याण, उत्तम शिक्षा एवं सक्ष्म युवा, सबका साथ-सबका विकास, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, स्वस्थ प्रदेश, प्रगतिशील अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास, सुशासन एवं कानून व्यवस्था तथा सांस्कृतिक धरोहर एवं विकसित पर्यटन शामिल हैं। यह संकल्प पत्र ही सरकार का अगले पांच साल का विजन डाक्यूूमेंट है।









