सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ली CM पद की शपथ

राजधानी शिमला के रिज मैदान पर रविवार को हजारों लोगों की मौजूदगी में सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला समेत कई केंद्रीय नेता मौजूद रहे।
बिना किसी हंगामे के संपन्न हुए शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब मंत्रिमंडल के गठन पर माथापच्ची शुरू हो गई है। दोपहर 1:49 बजे सुक्खू और 1:52 बजे अग्निहोत्री ने शपथ ली।
पिछले दो दिन प्रतिभा समर्थकों ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए जोरदार नारेबाजी और हंगामा किया, लेकिन आलाकमान के फैसले के आगे किसी की नहीं चल पाई।
अब चुने गए विधायकों में से कौन 10 मंत्री बनेंगे, इसका एक-दो दिन में एलान हो जाएगा। इसके बाद मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़कर शिमला पहुंचे, जबकि चुनाव प्रचार के दौरान वह एक बार भी हिमाचल नहीं आए।









